रणवीर सिंह की मोस्ट अवेटेड फिल्म धुरंधर इन दिनों लेह में फिल्माई जा रही है। आदित्य धर के निर्देशन में बन रही इस बिग बजट फिल्म में रणवीर के साथ संजय दत्त, आर. माधवन, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन जैसे दिग्गज कलाकार भी अहम किरदार निभा रहे हैं। लेकिन शूटिंग के बीच अचानक एक बड़ी मुसीबत आ गई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रविवार 17 अगस्त की शाम फिल्म के सेट पर 100 से ज्यादा क्रू मेंबर्स अचानक बीमार पड़ गए। कई लोगों को तेज पेट दर्द, उल्टी और सिरदर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद सभी को फौरन लेह के सजल नर्बू मेमोरियल (SNM) अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने इसे फूड पॉइजनिंग का मामला बताया है।
मिली जानकारी के अनुसार, धुरंधर की शूटिंग लेह के पत्थर साहिब इलाके में चल रही थी, जहां करीब 600 लोगों के लिए खाना परोसा गया था। खाना खाने के बाद ही बड़ी संख्या में क्रू की तबीयत बिगड़नी शुरू हुई। स्थिति को देखते हुए शूटिंग फिलहाल रोक दी गई है और मेकर्स ने साफ कर दिया है कि टीम के पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद ही काम दोबारा शुरू होगा।
कब रिलीज होगी धुरंधर?बता दें, 6 जुलाई को मेकर्स की ओर से 'धुरंधर' का फर्स्ट लुक टीजर जारी किया गया था, जिसमें रणवीर सिंह बेहद दमदार अवतार में नजर आए थे। इसी के साथ मेकर्स ने फिल् की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया। रणवीर सिंह स्टारर 'धुरंधर' 5 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। रणवीर सिंह के जन्मदिन पर मेकर्स ने फिल्म का फर्स्ट लुक टीजर जारी किया था, जिसे जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी। अब फिल्म का बजट और स्टारकास्ट दोनों ही इसे चर्चा में बनाए हुए हैं।
रिलीज और बॉक्स ऑफिस क्लैशबॉक्स ऑफिस पर रणवीर की फिल्म को शाहिद कपूर की फिल्म से टक्कर मिलने वाली है। 'धुरंधर' के साथ ही विशाल भारद्वाज की शाहिद कपूर स्टारर फिल्म भी 5 दिसंबर को ही सिनेमाघरों में रिलीज होगी और प्रभास की 'द राजा साब' 6 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी, हालांकि ऐसी चर्चा है कि 'द राजा साब' की रिलीज डेट आगे बढ़ सकती है।