2 News : नेशनल अवार्ड सेरेमनी में रानी के साथ इसलिए नहीं थी बेटी, अमिताभ-अभिषेक के साथ काम करने पर बोलीं ऐसा

एक्ट्रेस रानी मुखर्जी (47) को फिल्म इंडस्ट्री में करीब 3 दशक हो चुके हैं। रानी ने फिल्मों में हर प्रकार के रोल निभाए हैं। वह अपनी खूबसूरती और अदाकारी से लोगों का दिल जीतने में सफल रहीं। रानी को हाल ही में साल 2023 में आई फिल्म ‘मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वे’ के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का नेशनल फिल्म अवार्ड मिला है। उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सम्मानित किया। इस दौरान रानी की कई फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। फैंस का सबसे ज्यादा ध्यान रानी के पेन्डेंट पर गया। रानी ने अपनी बेटी अदीरा के नाम का पेन्डेंट पहना था।

अब रानी ने इस पर बात की और बताया कि वह उनके साथ क्यों नहीं थी। रानी ने इंडिया टुडे के साथ बातचीत में कहा कि अदीरा बहुत जिद्द कर रही थी क्योंकि उसे भी नेशनल अवॉर्ड फंक्शन में जाना था। लेकिन हमें बोला गया कि 14 साल से छोटे बच्चे नहीं आ सकते। मैंने फिर उसे समझाया कि आप मेरे साथ नहीं आ सकती। उसने कहा कि नहीं ये सही नहीं है क्योंकि वह मेरे स्पेशल डे में मेरे साथ नहीं है। मैंने कहा कि आप परेशान मत हो और मैं आपको अलग तरीके से अपने पास रखूंगी। वह मेरी लकी चार्म हैं। मैं उसे हमेशा अपने पास चाहती हूं और ऐसे ही मैं उसे अपने पास रख सकती थी।

मैं सबको थैंक्यू कहना चाहूंगी जिन्होंने वो रील्स बनाई इंस्टाग्राम पर जिनमें लिखा था कि रानी ने अपनी बेटी को अपने साथ रखा है। मैंने फिर अदीरा को दिखाया वो सब और ऐसे उसको शांत किया। रानी ने फिर अवार्ड जीतने पर कहा कि तो मिसेज चटर्जी के लिए इस किरदार के लिए मेरे पास जो भी इनपुट था, उसे मैंने वास्तव में अपनी मां पर आधारित किया। यही है जो सबसे ज्यादा क्लोज मैं कर सकती थी। रानी की शादी साल 2014 में फिल्ममेकर आदित्य चोपड़ा के साथ हुई थी। उन्होंने साल 2015 में बेटी का स्वागत किया। गौरतलब है कि रानी अब ‘मर्दानी 3’ में नजर आएंगी। फैंस को इसका बेसब्री से इंतजार है।
रानी मुखर्जी ने कहा, अमिताभ बच्चन के साथ काम करना काफी आसान है

इस बीच रानी ने इंडिया टुडे कॉन्क्लेव में हिस्सा लिया। जब रानी से पूछा गया कि अभिषेक के साथ काम करना आसान है या उनके पिता अमिताभ बच्चन के साथ? इस पर रानी ने कहा कि अमिताभ के साथ काम करना काफी आसान है। वो अपने को-स्टार्स को काफी फ्रीडम और स्पेस देते हैं। उनसे सेट पर बहुत कुछ सीखने को मिलता है। अभिषेक काफी शरारती हैं। सेट पर वो एक बच्चे की तरह मस्ती-मजाक करते हैं। अभिषेक और मैंने साथ में काफी वक्त बिताया है। अभिषेक के साथ काम करना भी आसान है।

हमने ‘बंटी-बबली’ के अलावा 'लागा चुनरी में दाग', 'कभी अलविदा ना कहना', 'बस इतना सा ख्वाब है’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया है। अभिषेक के साथ काम करके अच्छा लगा। जब रानी को ‘कुछ-कुछ होता है’ की फोटो दिखाई गई तो उन्होंने कहा कि भगवान का शुक्रिया ये फिल्म बनी। करण जौहर का शुक्रिया, जिन्होंने मुझे फिल्म के लिए चुना। तीन दशक से लोग इसे भूले नहीं हैं। जब शाहरुख और मुझे अवार्ड मिला तो लोगों ने राहुल और टीना को याद किया। ये किरदार अभी तक हमारे दिमाग में है।