अभिनेता रणधीर कपूर हुए कोरोना संक्रमित, मुंबई के अस्पताल में भर्ती

राज कपूर के बड़े बेटे रणधीर कपूर भी कोरोना के संक्रमण की चपेट में आ गए हैं और इस वक्त मुंबई के कोकिला बहन अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। उनकी तबीयत को लेकर अभी कोई खबर सामने नहीं आई है। इ टाइम्स की खबर के अनुसार कोकिला बहन अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया है कि, बुधवार को देर रात एक्टर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां पर उनके तमाम तरह के टेस्ट किए गए। ऐसे में उनका कोरोना टेस्ट भी किया गया था। गुरुवार को रणधीर कपूर का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया और डॉक्टरों की टीम अब उनकी देखभाल में लगी हुई।

अस्पताल के सीईओ और कार्यकारी निदेशक डॉ। संतोष शेट्टी की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, 'दिग्गज अभिनेता श्री रणधीर कपूर को कोविड-19 के इलाज के लिए कल रात कोकिलाबेन धीरूभाई अम्बानी अस्ताल में दाखिल कराया गया है। उनकी हाल स्थिर है।'

बता दें, कपूर परिवार इन दिनों दिवंगत राजीव कपूर के प्रॉपर्टी विवाद को लेकर भी चर्चा में है। दरअसल, रणधीर और रीमा जैन ने राजीव कपूर की प्रॉपर्टी पर अपने हक के लिए बॉम्बे हाईकोर्ट में पिटिशन फाइल की है। इस पर हाईकोर्ट ने दोनों से राजीव कपूर के तलाक के पेपर लाने के लिए कहा है।

कपूर परिवार ने एक साल के अंदर अपने घर के दो सदस्यों को खोया है। पिछले साल 30 अप्रैल को ऋषि कपूर का निधन हो गया था। वहीं इस साल 9 फरवरी को राजीव कपूर का चेंबूर स्थित अपने घर में हार्ट अटैक से निधन हो गया था। चार भाई-बहनों में दो भाइयों के निधन के बाद अब रणधीर कपूर और उनकी बहन रीमा जैन बचे हैं।