नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही रणबीर कपूर स्टारर मेगा बजट फिल्म 'रामायण' को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। फिल्म की आधिकारिक रिलीज में अभी समय बाकी है, लेकिन इससे पहले ही यह कई बड़े कारोबारी सौदों के चलते लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। हाल ही में सोनी पिक्चर्स द्वारा भारत के बाहर फिल्म के ग्लोबल डिस्ट्रीब्यूशन की जिम्मेदारी संभालने की खबर सामने आई थी। अब जानकारी मिल रही है कि फिल्म के म्यूजिक राइट्स भी रिकॉर्ड कीमत पर बिक गए हैं।
टी-सीरीज ने अपने नाम किए फिल्म के ऑडियो राइट्स
बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के अनुसार, 'रामायण' के ऑडियो राइट्स हासिल करने के लिए कई बड़ी म्यूजिक कंपनियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। आखिरकार टी-सीरीज ने सबसे मजबूत प्रस्ताव पेश करते हुए यह प्रतिष्ठित डील अपने नाम कर ली। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि भूषण कुमार और टी-सीरीज की पूरी टीम को भरोसा है कि फिल्म का संगीत दर्शकों के बीच जबरदस्त लोकप्रियता हासिल करेगा और लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
75 करोड़ रुपये में तय हुई बड़ी डीलरिपोर्ट के मुताबिक, टी-सीरीज ने 'रामायण' के म्यूजिक राइट्स के लिए 75 करोड़ रुपये का एडवांस भुगतान किया है। इस समझौते में फिल्म के दोनों पार्ट्स का संगीत शामिल है। सूत्रों का यह भी कहना है कि यह राशि रिफंडेबल एडवांस अरेंजमेंट के तहत दी गई है। माना जा रहा है कि भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में किसी म्यूजिक कंपनी द्वारा किए गए सबसे बड़े म्यूजिक राइट्स समझौतों में यह डील शामिल हो गई है।
स्टारकास्ट और रिलीज प्लान'रामायण' की स्टारकास्ट भी इसे लेकर उत्सुकता बढ़ाने वाली है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी। कन्नड़ सुपरस्टार यश रावण की भूमिका में दिखाई देंगे। वहीं, सनी देओल भगवान हनुमान का किरदार निभाएंगे और रवि दुबे लक्ष्मण के रोल में नजर आएंगे।
इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का निर्देशन 'दंगल' फेम नितेश तिवारी कर रहे हैं, जबकि निर्माता नमित मल्होत्रा हैं। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान और अंतरराष्ट्रीय संगीतकार हंस जिमर ने संभाली है। 'रामायण' को दो भागों में रिलीज किया जाएगा। इसका पहला भाग दिवाली 2026 के मौके पर सिनेमाघरों में दस्तक देगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज किया जाएगा।