रियलिटी शो 'लॉकअप' के हालिया एपिसोड में भावनाओं, टकराव और रिश्तों का अनोखा संगम देखने को मिला। फैमिली वीक के दौरान प्रतियोगियों से मिलने उनके परिजन और करीबी शो में पहुंचे। अभिनेता राम कपूर से मिलने उनकी पत्नी गौतमी कपूर आईं। मुलाकात के दौरान उन्होंने न केवल श्रेया कालरा की तारीफ की, बल्कि राम कपूर के व्यवहार को लेकर उठे विवाद के बीच श्रेया से हाथ जोड़कर माफी भी मांगी। यह पल सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया।
श्रेया कालरा से मिलते ही गौतमी ने जताया सम्मानसबसे पहले गौतमी कपूर ने जेल के अंदर राम कपूर से मुलाकात की। इसके बाद वह सीधे श्रेया कालरा के पास पहुंचीं और बेहद विनम्र अंदाज में हाथ जोड़कर उनसे क्षमा मांगी। उन्होंने कहा, माता जी, अगर राम से कोई गलती हुई हो तो मुझे माफ कर दीजिए। अगर उन्होंने आपको गलत तरीके से छुआ हो या किसी भी तरह आपको असहज महसूस कराया हो, तो मैं उनकी ओर से दिल से माफी मांगती हूं।
गौतमी के इस व्यवहार ने वहां मौजूद सभी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। श्रेया ने भी पूरे संयम के साथ उनकी बात सुनी और माहौल कुछ देर के लिए भावुक हो गया।
बाकी महिला कंटेस्टेंट्स से भी मांगी क्षमाश्रेया से बातचीत के बाद गौतमी ने उन्हें गले लगाया और हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, अब अगर मैं आपको गले लगाऊं तो आप कुछ कहेंगी तो नहीं? इस पर माहौल थोड़ा सहज हो गया।
इसके बाद उन्होंने घर में मौजूद अन्य महिला प्रतियोगियों की ओर रुख किया और सभी से सामूहिक रूप से माफी मांगी। गौतमी ने कहा कि यदि राम कपूर के किसी व्यवहार से किसी भी महिला को असहज महसूस हुआ हो तो वह उनकी ओर से क्षमा चाहती हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह राम का बचाव नहीं कर रही हैं, बल्कि सिर्फ इतना कहना चाहती हैं कि उनका स्वभाव बेहद स्नेही है और वह लोगों से सहज होकर मिलते हैं।
राम कपूर के व्यवहार पर पहले भी उठ चुके थे सवालदरअसल, कुछ समय पहले शो के भीतर कई महिला कंटेस्टेंट्स के बीच राम कपूर के व्यवहार को लेकर चर्चा हुई थी। बातचीत के दौरान श्रेया कालरा ने कहा था कि राम कपूर का बार-बार गले लगाना और माथे पर किस करना उन्हें सहज महसूस नहीं कराता।
सिर्फ श्रेया ही नहीं, बल्कि पहले शो में आईं अपूर्वा ने भी इसी मुद्दे पर सवाल उठाते हुए कहा था कि राम कपूर लोगों को बार-बार किस क्यों करते रहते हैं। उनके इस बयान के बाद यह मुद्दा सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा में रहा और दर्शकों के बीच अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।
फैमिली वीक में रिश्तों और बहसों का भी दिखा रंगइस एपिसोड में सिर्फ राम कपूर और गौतमी की मुलाकात ही चर्चा में नहीं रही। श्रेया कालरा से मिलने उनके बॉयफ्रेंड ऋषभ भी शो में पहुंचे। इस दौरान ऋषभ और योगेश के बीच तीखी बहस देखने को मिली और दोनों ने एक-दूसरे पर जमकर आरोप लगाए। ऋषभ के शो से जाने के बाद श्रेया भी योगेश पर नाराज नजर आईं और उन्होंने अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की।
वहीं, शिल्पा शिंदे से मिलने विकास गुप्ता पहुंचे, जिन्होंने उनसे कई गंभीर मुद्दों पर खुलकर बात की। दूसरी ओर हर्षद से मिलने अभिनेता अर्जुन बिजलानी आए, जबकि आकांक्षा चमोला से मिलने नेहल चुडासमा ने शो में शिरकत की। परिवार और करीबी लोगों की मौजूदगी ने इस एपिसोड को भावनात्मक होने के साथ-साथ कई नए विवादों और चर्चाओं से भी भर दिया।