राम चरण की मुख्य भूमिका वाली फिल्म ‘पेद्दी’ इन दिनों लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। एक ओर जहां फिल्म में जाह्नवी कपूर के कुछ दृश्यों को लेकर विवाद की स्थिति देखने को मिल रही है, वहीं दूसरी ओर यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। यह प्रोजेक्ट राम चरण के करियर के लिए भी बेहद अहम साबित हो रहा है, क्योंकि ‘आरआरआर’ के बाद लंबे समय तक कोई बड़ी हिट नहीं मिल पाने के बाद अब उन्हें फिर से सफलता का स्वाद मिला है। इससे पहले रिलीज हुई ‘गेम चेंजर’ दर्शकों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई थी, लेकिन इस बार स्पोर्ट्स ड्रामा ने उनकी स्थिति मजबूत कर दी है। महज चार दिनों में फिल्म ने 200 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर लिया था और अब पांचवें दिन के आंकड़े भी सामने आ गए हैं।
क्या ‘पेद्दी’ सोमवार के टेस्ट में टिक पाई या फिसल गई?4 जून को रिलीज हुई ‘पेद्दी’ ने शुरुआती दिनों से ही बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाए रखी है। पहले चार दिनों में फिल्म ने जबरदस्त कमाई की और लगातार दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचा। हालांकि फिल्म की असली परीक्षा सोमवार यानी पांचवे दिन मानी जा रही थी, क्योंकि इंडस्ट्री में यह ट्रेंड देखा जाता है कि वीकेंड के बाद फिल्मों की असली स्थिरता का अंदाजा इसी दिन लगाया जाता है। जहां कुछ फिल्में अपनी कमाई की रफ्तार बनाए रखती हैं, वहीं कई फिल्मों की कमाई में अचानक भारी गिरावट आ जाती है। ‘पेद्दी’ के मामले में भी ऐसा ही रुझान देखने को मिला है और सोमवार को इसकी कमाई में बड़ा झटका लगा है।
पांचवे दिन बॉक्स ऑफिस पर धीमी पड़ी रफ्तारट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, राम चरण की ‘पेद्दी’ ने पांचवे दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन किया है। इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने पहले सोमवार को करीब 7.45 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की है। यह आंकड़ा रविवार की तुलना में काफी कम है, जब फिल्म ने 30 करोड़ रुपये से अधिक का बिजनेस किया था।
फिल्म की कमाई के शुरुआती दिन काफी मजबूत रहे थे—प्रीव्यू कलेक्शन 18.50 करोड़ रुपये रहा था, जबकि पहले दिन इसने 51 करोड़ रुपये का धमाकेदार ओपनिंग दी। दूसरे दिन 26.90 करोड़, तीसरे दिन 28.85 करोड़ और चौथे दिन 31.90 करोड़ की कमाई के साथ फिल्म ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया। लेकिन पांचवे दिन यह रफ्तार अचानक गिरकर 7.45 करोड़ पर आ गई।
इस गिरावट के बाद ‘पेद्दी’ का कुल नेट इंडिया कलेक्शन लगभग 164.60 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि इसका ग्रॉस इंडिया कलेक्शन करीब 196 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है। वहीं, वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर फिल्म 230 करोड़ रुपये का आंकड़ा पहले ही पार कर चुकी है।
क्या है ‘पेद्दी’ की कहानी?फिल्म की कहानी एक साधारण लेकिन संघर्षपूर्ण जीवन जीने वाले दिहाड़ी मजदूर (राम चरण) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो असाधारण रूप से क्रिकेट और कुश्ती में निपुण होता है। अपनी प्रतिभा और हिम्मत के दम पर वह एक ऐसे गांव के अधिकारों के लिए संघर्ष करता है, जिसे आधिकारिक रूप से किसी भी नक्शे में जगह नहीं मिली है। यानी यह गांव सरकारी मान्यता से पूरी तरह वंचित है और उसका अस्तित्व तक दर्ज नहीं है।
इस सामाजिक और भावनात्मक संघर्ष की कहानी में राम चरण के साथ जाह्नवी कपूर, दिव्येंदु शर्मा और जगपति बाबू जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आते हैं, जो फिल्म को और अधिक प्रभावशाली बनाते हैं।