‘धूम 4’ में रणबीर कपूर के अपोज़िट नज़र आ सकता है यह 1200 करोड़ी स्टार, इंटरनेट पर मची हलचल

यशराज फिल्म्स (YRF) ने वॉर 2 के बाद अब अपनी दूसरी चर्चित फ्रैंचाइज़ धूम को रीबूट करने की तैयारी शुरू कर दी है। खबरों के मुताबिक, धूम 4 का निर्देशन अयान मुखर्जी करने वाले हैं और इसमें रणबीर कपूर लीड रोल निभाते दिखाई देंगे। लेकिन सबसे बड़ी चर्चा इस बात की है कि उनके अपोज़िट किसे कास्ट किया जाएगा।

इंटरनेट पर पहले सूर्या, प्रभास, विजय देवरकोंडा और Jr NTR जैसे नामों की चर्चा हो रही थी। अब डेक्कन क्रॉनिकल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मेकर्स ने तेलुगु सुपरस्टार राम चरण को अप्रोच किया है। राम चरण की RRR ने दुनियाभर में 1200 करोड़ रुपये की कमाई कर इतिहास रच दिया था। हालाँकि उनकी पिछली कुछ फिल्में बॉक्स ऑफिस पर खास असर नहीं दिखा पाई हैं, फिर भी YRF उन्हें धूम 4 के लिए जोड़ने की कोशिश कर रही है।
दिलचस्प बात यह है कि जैसे ही यह खबर सोशल मीडिया पर फैली, राम चरण के फैंस ने उन्हें इस प्रोजेक्ट को साइन न करने की सलाह दी। कारण है कि वॉर 2 में Jr NTR के किरदार को जिस तरह पेश किया गया, वह दर्शकों को खास पसंद नहीं आया था। फैंस को डर है कि धूम 4 में राम चरण के साथ भी वैसा ही न हो जाए।

यह पहली बार नहीं है जब राम चरण का नाम धूम 4 से जोड़ा जा रहा हो। साल 2023 में भी उनकी कास्टिंग को लेकर अफवाहें चली थीं, उस समय रणबीर की जगह शाहरुख खान को लीड रोल के लिए चर्चा में बताया जा रहा था। फिलहाल, यह सब महज़ अटकलें हैं क्योंकि YRF की तरफ से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

बावजूद इसके, इतना तो तय है कि आलिया भट्ट और शरवरी वाघ स्टारर अल्फा के साथ-साथ YRF धूम 4 पर भी पूरी ताक़त से काम कर रही है। अब देखना यह होगा कि क्या वाकई रणबीर कपूर और राम चरण की जोड़ी इस फ्रैंचाइज़ के अगले चैप्टर में दर्शकों को देखने को मिलेगी।