बॉलीवुड अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'रामायण' को लेकर लगातार चर्चा में बनी हुई हैं। फिल्म का ट्रेलर सामने आने के बाद जहां दर्शकों के बीच इसे लेकर उत्साह देखने को मिला, वहीं रकुल के किरदार और उनके लुक को लेकर सोशल मीडिया पर बहस भी शुरू हो गई। इसी बीच रविवार को आयोजित 'एचटी सिटी मोस्ट स्टाइलिश अवॉर्ड्स' में रकुल अपने पति और निर्माता जैकी भगनानी के साथ पहुंचीं। रेड कार्पेट पर मीडिया से बातचीत के दौरान जब उनसे फिल्म में उनके लुक और उस पर हो रही आलोचना को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने बिना झिझक अपनी बात रखी और ट्रोल्स को स्पष्ट जवाब दिया।
'शूर्पणखा' के लुक को लेकर क्यों हो रही है चर्चा?निर्देशक नितेश तिवारी की बहुचर्चित फिल्म 'रामायण' में रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा का किरदार निभा रही हैं। ट्रेलर रिलीज होने के बाद उनके लुक को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कई लोगों ने उनके नए अंदाज और स्क्रीन प्रेजेंस की सराहना की, जबकि कुछ यूजर्स ने उनके कॉस्ट्यूम और स्टाइलिंग पर सवाल उठाए। आलोचकों का कहना है कि फिल्म में दिखाई गई ज्वेलरी, भारी डिजाइन वाला ब्लाउज और साड़ी पहनने का तरीका त्रेता युग की बजाय आधुनिक फैशन से प्रेरित नजर आता है। इसी वजह से सोशल मीडिया पर उनके लुक को लेकर लगातार चर्चा जारी है।
रकुल ने ट्रोल्स को दिया साफ जवाबअपने लुक पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए रकुल प्रीत सिंह ने कहा कि फिल्म में उनका पूरा लुक किसी कल्पना पर नहीं, बल्कि धार्मिक ग्रंथों और पौराणिक विवरणों के आधार पर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा, हमने बचपन से जो रामायण टीवी या फिल्मों में देखी है, हमारी कल्पना काफी हद तक उसी तक सीमित रही है। लेकिन पौराणिक ग्रंथों में पात्रों के बारे में कहीं अधिक विस्तृत जानकारी मिलती है। शास्त्रों में शूर्पणखा को लंका की सबसे सुंदर महिलाओं में से एक बताया गया है। इसलिए मेरा लुक पूरी तरह उन्हीं विवरणों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। रकुल ने यह भी इशारा किया कि दर्शकों को फिल्म रिलीज होने के बाद किरदार की पूरी प्रस्तुति देखने का इंतजार करना चाहिए।
दो भागों में रिलीज होगी 'रामायण'नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित फिल्मों में गिनी जा रही है। हाल ही में रिलीज हुए ट्रेलर में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, अरुण गोविल राजा दशरथ और लारा दत्ता कैकेयी के किरदार में नजर आए हैं। वहीं रकुल प्रीत सिंह पहली बार शूर्पणखा की भूमिका में दिखाई देंगी। मेकर्स इस फिल्म को दो भागों में रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं। पहला भाग इस साल दिवाली के अवसर पर सिनेमाघरों में आएगा, जबकि दूसरा भाग अगले वर्ष दिवाली के मौके पर रिलीज किया जाएगा। फिल्म की भव्य प्रस्तुति, स्टारकास्ट और विजुअल्स को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही जबरदस्त उत्सुकता बनी हुई है।