चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में बंद रहे अभिनेता राजपाल यादव मंगलवार को रिहा हो गए। जेल से बाहर निकलते ही उन्होंने मीडिया से बातचीत में समर्थकों और प्रशंसकों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि जीवन के इस कठिन दौर में उन्हें जिस तरह का प्यार और समर्थन मिला, उसके लिए वे दिल से आभारी हैं।
रिहाई के बाद अभिनेता ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि यह समय आत्ममंथन का था। उन्होंने कहा कि लोगों के आशीर्वाद और विश्वास ने ही उन्हें यहां तक पहुंचाया है और वही आगे भी उनका संबल रहेगा।
फिल्म इंडस्ट्री से मांगा कामएक बातचीत के दौरान राजपाल यादव ने फिल्म जगत से दोबारा काम देने की अपील भी की। हल्के-फुल्के अंदाज में उन्होंने कहा, “जिन लोगों ने अब तक मेरा साथ दिया है, वे एक और मदद कर दें— किरदार मेरी पसंद का हो और पैसा उनकी मर्जी का।” उनके इस बयान को इंडस्ट्री में वापसी की सकारात्मक कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि वे जल्द ही मीडिया के सामने विस्तार से अपनी बात रखेंगे। एक अन्य बातचीत में उन्होंने कहा कि उनके सभी कानूनी मामले उच्च न्यायालय में विचाराधीन हैं, इसलिए वे फिलहाल केस के बारे में ज्यादा टिप्पणी नहीं करना चाहते। उन्होंने न्यायपालिका पर भरोसा जताते हुए कहा कि अदालत के फैसले का वे सम्मान करेंगे और कुछ दिनों में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सभी सवालों का जवाब देंगे।
जेल में ऐसे गुजरा समयरिहाई के बाद एक इंटरव्यू में राजपाल यादव ने जेल के दिनों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वहां उन्होंने अपनी दिनचर्या को अनुशासित रखा। सुबह उठकर प्राणायाम करते थे और अन्य कैदियों से बातचीत में समय बिताते थे। उनके अनुसार, इस अवधि ने उन्हें धैर्य और आत्मचिंतन का अवसर दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि जेल में रहते हुए उन्होंने कई ऐसे कैदियों को देखा, जिनकी सजा लगभग पूरी हो चुकी है। इस संदर्भ में उन्होंने दिल्ली सरकार से अपील की कि नियमों के अनुसार ऐसे मामलों की समीक्षा कर मानवीय आधार पर उचित कदम उठाए जाएं।
साथ खड़े रहे साथी कलाकारइस मुश्किल दौर में फिल्म इंडस्ट्री से भी कुछ लोगों ने उनका साथ दिया। बताया जाता है कि अभिनेता सोनू सूद ने आगे बढ़कर उनकी मदद की और उन्हें काम का प्रस्ताव भी दिया। इसके अलावा अन्य कलाकारों ने भी समर्थन जताया।
अब सभी की नजर इस बात पर है कि राजपाल यादव की इंडस्ट्री में वापसी किस तरह होती है। अपने खास कॉमिक अंदाज और अलग पहचान के लिए मशहूर यह अभिनेता एक बार फिर बड़े पर्दे पर नजर आने की तैयारी में है।