राजपाल यादव की कानूनी मुश्किलें बढ़ीं, तिहाड़ में काटनी होंगी चार और रातें, राहत फिलहाल टली

कॉमेडी और दमदार अभिनय के लिए जाने जाने वाले अभिनेता राजपाल यादव इस बार फिल्मी किरदारों की बजाय कानूनी मामलों की वजह से सुर्खियों में हैं। जानकारी के अनुसार, अभिनेता तिहाड़ जेल में हैं। मामला चेक बाउंस और बकाया कर्ज से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि राजपाल यादव पर वित्तीय विवाद चल रहा था, जिसमें वह तय समय पर राशि का भुगतान नहीं कर पाए। कोर्ट ने कई अवसर दिए, लेकिन भुगतान नहीं होने के कारण अभिनेता को डिफॉल्टर मानते हुए छह महीने की सजा सुनाई गई।

राजपाल यादव ने अदालत से अतिरिक्त समय की मांग की ताकि वह बकाया राशि चुका सकें, लेकिन उनकी याचिका खारिज कर दी गई। कोर्ट का मानना था कि पहले ही पर्याप्त अवसर दिए जा चुके हैं और अब और देरी न्यायसंगत नहीं होगी। इसके बाद उन्होंने तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया। जेल में जाने से पहले उन्होंने कहा कि उनके पास भुगतान के लिए पैसे नहीं हैं और किसी से मदद लेने की स्थिति भी नहीं है।

मामला और पृष्ठभूमि

राजपाल यादव जैसे लोकप्रिय अभिनेता का कानूनी संकट में फंसना फिल्म इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों के लिए चौंकाने वाला है। फिलहाल कोर्ट में मामले की सुनवाई जारी है और उम्मीद जताई जा रही है कि उन्हें बेल मिल सकती है। उनका परिवार विशेष अवसर के लिए उनके जल्द बाहर आने की उम्मीद कर रहा है। अभिनेता के भाई ने भी स्पष्ट किया है कि किसी प्रकार की आर्थिक मदद अभी तक नहीं मिली है।

सुनवाई के दौरान दिल्ली हाई कोर्ट ने राजपाल यादव को फटकार लगाई और अभिनेता ने अपना पक्ष रखते हुए बताया कि उन्होंने पहले ही 3 करोड़ रुपये अदा कर दिए हैं और शेष राशि चुकाने का वादा किया। कोर्ट ने साफ कर दिया कि फिलहाल राजपाल को कोई राहत नहीं मिलेगी और उन्हें जेल में ही अपनी रातें गुजारनी होंगी। अगली सुनवाई सोमवार को निर्धारित की गई है।

अगली सुनवाई कब होगी

कोर्ट ने केस को सोमवार तक टाल दिया है। आज कोर्ट ने केवल राजपाल यादव के पक्ष को सुना। कोर्ट ने शिकायतकर्ता को निर्देश दिया कि वे अपनी तरफ से जवाब फाइल करें। इसके बाद कोर्ट फैसला सुनाएगी। जज ने कहा, जब मैं फाइल देख रहा था तो कई बातें सामने आईं जिनके बारे में हमें पता नहीं था। पहले ऑर्डर को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने कोई राहत नहीं दी।

अनूप जलोटा ने भी बढ़ाया हाथ

हाल ही में एक वीडियो बयान में अनूप जलोटा ने बताया कि कई फिल्म इंडस्ट्री के लोग राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आए हैं। उन्होंने कहा कि वह भी 5 लाख रुपये मदद के रूप में दे रहे हैं। जलोटा ने कहा, मुझे अपने दोस्त राजपाल यादव की मुश्किलों की जानकारी मिली। जिंदगी में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं और हमें अपने दोस्तों का साथ देना चाहिए। मैं भी उन्हें 5 लाख रुपये भेज रहा हूं और उम्मीद करता हूं कि इससे उन्हें राहत मिलेगी।