बुरी खबर : ऑस्कर की दौड़ से बाहर हुई 'न्यूटन'

बॉलिवुड के लिए एक बुरी खबर है, जो राजकुमार राव की फिल्म 'न्यूटन' को लेकर है। दरअसल, ऑस्कर 2018 में सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा फिल्म के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि 'न्यूटन' दौड़ से बाहर हो गई है। ऑस्कर की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज ने गुरुवार को घोषणा की कि 90वें अकादमी पुरस्कारों के लिए विदेशी भाषा फिल्म श्रेणी में 9 फीचर फिल्में प्रतियोगिता के अगले दौर में शामिल होंगी। ऑस्कर के ट्विटर हैंडल से उन 9 फिल्मों की लिस्ट जारी की गई है, जो अकैडमी अवॉर्ड्स की लिस्ट में जगह बना पाने में सफल रही है। इस लिस्ट में 'अ फ़ैनटैस्टिक वुमन', 'इन द फेड', 'ऑन बॉडी ऐंड सोल', 'फॉक्सट्राट', 'दि इनसल्ट' , 'लवलेस', 'द वुंड', 'फेलिसिटे', 'द स्क्वायर' के नाम शामिल हैं।

राजकुमार राव द्वारा अभिनीत 'न्यूटन' में अमित मसुर्कर के निर्देशन में बनी है।

शॉर्टलिस्ट की गई फिल्मों को 92 फिल्मों में से चुना गया है। 90वें अकादमी पुरस्कारों की सभी श्रेणियों के लिए नामांकन 23 जनवरी को घोषित किया जाएगा।

ऑस्कर समारोह 4 मार्च को डॉल्बी थियेटर में आयोजित किया जाएगा।

अब तक, 'मदर इंडिया', 'सलाम बॉम्बे!' और 'लगान : वन्स अपॉन ए टाइम इन इंडिया' ही ऐसी भारतीय फिल्में हैं, जो अकादमी पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा फिल्म श्रेणी में जगह बना पाईं।