भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी सौरव गांगुली के जन्मदिन के खास मौके पर उनकी बहुप्रतीक्षित बायोपिक 'दादा- द सौरव गांगुली स्टोरी' का पहला लुक जारी कर दिया गया है। फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे अभिनेता राजकुमार राव का यह लुक सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह सरप्राइज किसी तोहफे से कम नहीं रहा। इसी के साथ निर्माताओं ने फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। यह फिल्म 14 मई 2027 को लंबे हॉलिडे वीकेंड के दौरान सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
नेटवेस्ट ट्रॉफी वाले ऐतिहासिक पल को किया गया फिर से जीवंतफिल्म के फर्स्ट लुक पोस्टर में राजकुमार राव को सौरव गांगुली के करियर के सबसे यादगार क्षणों में से एक को दोहराते हुए दिखाया गया है। पोस्टर में वह साल 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ नेटवेस्ट ट्रॉफी जीतने के बाद लॉर्ड्स की बालकनी में जर्सी लहराने वाले आइकॉनिक अंदाज में नजर आ रहे हैं।
यह वही ऐतिहासिक पल था जिसने भारतीय क्रिकेट के आक्रामक और आत्मविश्वास से भरे नए दौर की पहचान बनाई थी। गांगुली का यह जश्न आज भी भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे प्रतिष्ठित दृश्यों में गिना जाता है और खिलाड़ियों के भीतर जोश, आत्मविश्वास और जीत के जुनून का प्रतीक माना जाता है।
सौरव गांगुली के संघर्ष और सफलता की कहानी दिखाएगी फिल्म'दादा- द सौरव गांगुली स्टोरी' केवल एक क्रिकेटर की कहानी नहीं, बल्कि उस शख्सियत की यात्रा है जिसने भारतीय क्रिकेट की सोच और दिशा दोनों को बदलने में अहम भूमिका निभाई। फिल्म में गांगुली के शुरुआती क्रिकेट सफर से लेकर भारतीय टीम के सबसे सफल और प्रभावशाली कप्तानों में शामिल होने तक की कहानी को बड़े पर्दे पर पेश किया जाएगा।
दर्शकों को इस बायोपिक में उनके संघर्ष, चुनौतियों, नेतृत्व क्षमता और कभी हार न मानने वाले जज्बे की झलक देखने को मिलेगी। साथ ही यह भी दिखाया जाएगा कि किस तरह उन्होंने युवा खिलाड़ियों को मौका देकर भारतीय क्रिकेट को नई पहचान दिलाई और आने वाली पूरी पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बने। फिल्म से उम्मीद की जा रही है कि यह क्रिकेट प्रेमियों के साथ-साथ प्रेरणादायक कहानियां पसंद करने वाले दर्शकों को भी खासा प्रभावित करेगी।