
एक्टर राजकुमार राव और एक्ट्रेस पत्रलेखा 15 नवंबर 2021 को चंडीगढ़ में एक अंतरंग समारोह में शादी के बंधन में बंध गए थे। इससे पहले दोनों ने लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट किया था। कपल ने पहली बार साल 2014 में ‘सिटीलाइट्स’ फिल्म में साथ काम किया था। इस बीच उन्होंने बुधवार (29 जनवरी) को एक क्रिप्टिक पोस्ट शेयर की, जिसे देख उनके चाहने वालों में उत्सुकता जग गई। इसमें एक आगामी कोलेब्रेशन की ओर इशारा किया गया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर रंगीन रोशनी के सामने खुद की एक सिल्हूट साझा की।
साथ ही एक दिलचस्प कैप्शन दिया, जिसे पढ़ते ही एक बार तो फैंस पत्रलेखा की प्रेग्नेंसी की अटकलें लगाने लगे। हालांकि उन्होंने आगे साफ कर दिया कि ऐसी कोई बात नहीं है। पोस्ट में लिखा था, “कुछ खास होने वाला है। इसे आप सभी के साथ साझा करने का इंतजार नहीं कर सकते। देखते रहिए!” कपल को अनुमान था कि इसे देखते ही लोग गुडन्यूज के बारे में सोचेंगे, ऐसे में उन्होंने आगे लिखा, “पी.एस.: हम अभी माता-पिता नहीं बन रहे हैं।” उन्होंने डिटेल्स को सीक्रेट रखा है। फैंस यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि जोड़ी क्या सरप्राइज देने वाली है।
राजकुमार के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो उनकी पिछली फिल्म 11 अक्टूबर 2024 को रिलीज हुई ‘विक्की विद्या का वो वाला वीडियो’ थी। इसमें उनकी जोड़ी तृप्ति डिमरी के साथ थी। इससे पहले राजकुमार को श्रद्धा कपूर के साथ हॉरर कॉमेडी मूवी ‘स्त्री 2’ में देखा गया था, जो ब्लॉकबस्टर साबित हुई। इसके अलावा राजकुमार पिछले साल दो और फिल्मों ‘मिस्टर एंड मिसेज माही’ तथा ‘श्रीकांत’ में भी नजर आए थे। दूसरी ओर, पत्रलेखा अब प्रतीक गांधी के साथ ‘फुले’ मूवी में नजर आएंगी।
रैपर रफ्तार की मनराज जवंदा के साथ शादी को लेकर लग रहीं अटकलेंमशहूर रैपर रफ्तार इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर लाइमलाइट में हैं। खबरों की मानें तो रफ्तार जल्द ही फैशन स्टाइलिस्ट मनराज जवंदा के साथ विवाह बंधन में बंधने वाले हैं। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सोशल मीडिया पर फैंस बधाई देने में लगे हैं। हाल ही कंटेंट क्रिएटर ने शादी के वेन्यू से एक तस्वीर साझा की। इसमें एक बोर्ड पर लिखा था, “दिलिन और मनराज के विवाह समारोह में आपका स्वागत है। #मनदिलयहींबनेंगे।”
बता दें रफ्तार का असली नाम दिलिन नायर है। एक वायरल वीडियो में रफ्तार और मनराज प्री-वेडिंग फंक्शन में जमकर डांस करते दिख रहे हैं। दूसरे वीडियो में मनराज मेहंदी दिखाते हुए 'दिल तो पागल है' गाने पर नाचती दिख रही हैं। आज गुरुवार (30 जनवरी) सुबह रफ्तार ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर हाथ जोड़ने वाले इमोटिकॉन पोस्ट की।
उन्होंने इसके साथ कुछ 'बुरी नजर' वाले इमोजी भी जोड़े, जिससे उनके प्रशंसकों के बीच अटकलें और तेज हो गईं। उल्लेखनीय है कि रफ्तार की पहली शादी साल 2016 में कोमल वोहरा के साथ हुई थी। साल 2020 में उन्होंने अलग होने का फैसला किया और जून 2022 में उनका तलाक हो गया। बता दें रफ्तार भारतीय हिप-हॉप इंडस्ट्री का जाना-माना नाम हैं।