'कोई मिल गया' फेम एक्टर रजत बेदी (55) अरसे बाद पिछले दिनों रिलीज हुई आर्यन खान की वेब सीरीज 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' में नजर आए और सबको अपना दीवाना बना लिया। उनके किरदार को खूब पसंद किया गया। हाल ही में रजत ने गोविंदा से जुड़ा एक किस्सा शेयर किया है कि उनकी वजह से संजय दत्त भड़क गए थे। सिद्धार्थ कनन को दिए इंटरव्यू में रजत ने संजय दत्त और गोविंदा से जुड़ी इस बात का खुलासा किया। रजत ने कहा कि ‘जोड़ी नंबर 1’ (2001) फिल्म के सेट पर गोविंदा ने संजू को 9 घंटे इंतजार करवाया था।
डायरेक्टर डेविड धवन को शूटिंग सुबह 7 बजे शुरू करनी थी लेकिन वे और संजय 6 बजे ही सेट पर पहुंच गए। उन दोनों ने कुछ देर इंतजार किया। घंटे बीत गए सभी लोग आ गए लेकिन गोविंदा सेट पर नहीं पहुंचे। सभी लोग गोविंदा का इंतजार कर रहे थे। इसके बाद उन्हें पता चला की गोविंदा घर पर हैं तो सेट से किसी को उनके घर भी भेजा गया। इंतजार करते-करते 8 घंटे बीत गए थे और संजय अपना आपा खोने लगे। 2 बजते-बजते संजय भड़क गए और गाली देने लगे। बाद में सभी को पता चला कि वो घर पर नहीं है और वे हैदराबाद से सीधे सेट से आ रहे हैं। उस समय किसी को भी नहीं पता होता था कि गोविंदा कहां हैं, क्योंकि उस दौरान वे 4-5 शिफ्ट किया करते थे।
गोविंदा 3 बजे सेट पर पहुंचे और काम करने को तैयार भी थे। जब असिस्टेंट संजय के पास सीन लेकर गए तब उन्हें एहसास हुआ कि उनके पास गोविंदा के मुकाबले ज्यादा डायलॉग हैं। संजय असिस्टेंट पर भड़क गए और उन्हें गालियां देने लगे और कहने लगे कि ये लाइन गोविंदा को दे दो क्योंकि वो ये नहीं बोलेंगे। इस वजह से उस वक्त फिल्म का सीन बदला गया। वैसे गोविंदा एक बहुत अच्छे इंसान हैं लेकिन उनके साथ एक ही दिक्कत थी कि उन्होंने बहुत ज्यादा काम अपने पास ले लिया था।
उल्लेखनीय है कि 90 के दशक में गोविंदा सभी के फेवरेट माने जाते थे और इंडस्ट्री के टॉप एक्टर्स की लिस्ट में शामिल थे। हालांकि धीरे-धीरे ये स्टारडम उनके हाथ से निकलता चला गया। इसकी एक वजह ये भी सामने आई कि गोविंदा काम पर लेट पहुंचते थे। उनकी इस आदत के बारे में पहले भी कई प्रोड्यूसर और उनके साथ काम करने वाले एक्टर्स बता चुके हैं।
‘राधे’ के लिए रजत बेदी के नाम पर लग गई थी मुहर लेकिन सलमान खान ने इसलिए रोकारजत साल 2021 में रिलीज हुई सलमान खान की फिल्म ‘राधे’ से लंबे समय बाद इंडस्ट्री में कमबैक करने जा रहे थे लेकिन ऐसा नहीं हो सका। रेडिट पर वायरल हो रहे वीडियो में रजत ने बताया कि फिल्म के डायरेक्टर प्रभु देवा ने एक रोल के लिए मुझे कास्ट किया था। मैंने ‘राधे’ का ऑफर एक्सेप्ट कर लिया था। मुझे मुकेश छाबड़ा के ऑफिस से फोन आया कि आप ‘राधे’ के लिए चुन लिए गए हैं। मैं खुशी-खुशी फिल्म के राइटर से मिला। वे भी बहुत खुश थे। ‘राधे’ से मुझे लगा बहुत बढ़िया कमबैक मिल जाएगा।
बहुत बढ़िया प्रोजेक्ट और खासकर भाई के साथ काम करना तो सबकी इच्छा है। सलमान के साथ मेरे पारिवारिक रिश्ते हैं, क्योंकि मेरे पिता और दादा सलमान के पिता सलीम खान के बहुत क्लोज थे। जब सलमान को मेरी कास्टिंग के बारे में पता चला तो उन्होंने मुझे बुलाया। उन्होंने मुझसे कहा कि रजत तू वेट कर थोड़ा सा।
मैं तुम्हें कमबैक देना चाहता हूं जो ‘राधे’ से भी बेहतर होगा। जब भाई ने मुझे बोला तो मैं चुप रह गया। बोला कि रजत तेरी हाइट, बॉडी और पर्सनलिटी बहुत अच्छी है। तुमने खुद को बहुत अच्छे से मेंटेन कर रखा है। तुम इंतजार करो। मैं तुम्हें एक बढ़िया कमबैक देने वाला हूं। भाई को कौन मना कर सकता है?