2 News : राज कुंद्रा ने शिल्पा शेट्टी को बताया ‘सुपर वूमन’, संजय दत्त की जिंदगी में ये महिलाएं हैं ‘सबसे बड़ा आशीर्वाद’

एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा एक-दूसरे से बेइंतेहा मोहब्बत करते हैं। दोनों हमेशा पूरी मजबूती से एक-दूसरे के साथ खड़े दिखते हैं। साथ ही किसी भी मौके पर प्यार जताने का कोई मौका नहीं चूकते। कई दफा सोशल मीडिया पर उनका प्यार पूरी तरह से जाहिर हो जाता है। इस बीच कुंद्रा ने आज शनिवार (8 मार्च) को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर शिल्पा को इंटरनेशनल वूमेंस डे की शुभकामनाएं दीं। कुंद्रा ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने शिल्पा को हर रोल में शानदार 'सुपर वूमन' बताया।

कुंद्रा ने शिल्पा की सराहना करने के लिए इस अवसर का लाभ उठाया और बताया कि वह हर किरदार में परफेक्ट हैं। उन्होंने शिल्पा के साथ खास पलों को दिखाते हुए वीडियो शेयर किया, जिसमें जीवन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को खूबसूरती से व्यक्त किया गया। पंजाब के मशहूर कवि सोनी सिंह थुलेवाल की लिखी कविता के साथ कुंद्रा ने अपने इमोशंस दिखाए। कुंद्रा ने कैप्शन में लिखा, “महिला दिवस की शुभकामनाएं, उस महिला को जो हर भूमिका को शान से निभाती हैं...पत्नी, मां, उद्यमी और हमारे परिवार की जान।

शिल्पा शेट्टी, आप सिर्फ संतुलन ही नहीं बनातीं, आप अपनी शक्ति, ज्ञान और प्रेम से हमें सशक्त बनाती हैं। आप हमें हर दिन प्रेरित करती हैं। सुपर वूमन।” इससे पहले कुंद्रा ने इंस्टाग्राम पर एक रील शेयर की थी, जिसमें वे ट्रेंडिंग रील बनाते नजर आए। रील में शिल्पा गाने के माध्यम से कुंद्रा से कहती हैं 'दुनिया मांगे अपनी मुरादें' और फिर कहती हैं, 'मैं तो मांगू गाड़ी, एक बंगला और डायमंड रिंग।' उल्लेखनीय है कि कुंद्रा भी एक्टिंग की दुनिया में कदम रख चुके हैं। फिलहाल वे पंजाबी फिल्म ‘मेहर’ की शूटिंग में बिजी हैं। इसमें वे अभिनेत्री गीता बसरा के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर करते नजर आएंगे। यह 5 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। शिल्पा और कुंद्रा की शादी साल 2009 में हुई थी। उनके एक बेटा और एक बेटी है।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर संजय दत्त ने शेयर की अनसीन फोटो

दिग्गज अभिनेता संजय दत्त ने अपनी दिवंगत मां नरगिस, पत्नी मान्यता, बेटियों त्रिशाला- इकरा और बहनों प्रिया व नम्रता सहित अपने चाहने वालों को महिला दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। संजय ने अपने इंस्टाग्राम पर अपनी जिंदगी में महिलाओं की तस्वीरें शेयर की हैं। इसमें से पहली फोटो में उनकी मां नरगिस, फिर पत्नी मान्यता और फिर बेटी त्रिशाला और इकरा की तस्वीरें हैं। उन्होंने अपनी बहनों प्रिया और नम्रता के साथ पोज देते हुए तस्वीरें भी पोस्ट की हैं।

संजय ने कैप्शन में लिखा, “मेरे जीवन में महिलाएं मेरे लिए सबसे बड़ा आशीर्वाद हैं। उनका प्यार, देखभाल और ताकत मेरे लिए सब कुछ है। मेरे प्रियजनों को महिला दिवस की शुभकामनाएं।” संजय अक्सर अपने सोशल मीडिया पर माता-पिता को याद करते नजर आते हैं। उनके वर्कफ्रंट की बात करें तो वे अब एक्शन-हॉरर कॉमेडी ‘द भूतनी’ फिल्म में दिखेंगे जो 18 अप्रैल को रिलीज होगी।

निर्माताओं ने हाल ही में फिल्म का टीजर शेयर किया था। संजय के पास ‘वेलकम टू द जंगल’ मूवी भी है। संजय प्रेम द्वारा निर्देशित ध्रुव सरजा-स्टारर ‘केडी : द डेविल’ में भी दिखाई देंगे। संजय बॉलीवुड में 4 दशक से भी ज्यादा समय बिता चुके हैं और आज भी फैंस के दिलों पर राज करते हैं।