2 News : राघव जुयाल के जन्मदिन पर फैंस को मिला यह तोहफा, ‘बैटल ऑफ गलवान’ में सलमान के अपोजिट होंगी यह एक्ट्रेस

कोरियोग्राफी से एक्टिंग की दुनिया में कदम रख चुके एक्टर राघव जुयाल आज गुरुवार (10 जुलाई) को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। वे 34 साल के हो गए हैं। इस मौके पर राघव को चाहने वाले फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के साथ उन्हें जमकर बधाइयां और शुभकामनाएं दे रहे हैं। राघव साउथ इंडियन सुपरस्टार नानी की अपकमिंग फिल्म ‘द पैराडाइज’ का हिस्सा है। ऐसे में मेकर्स ने फिल्म का एक बीटीएस वीडियो शेयर करते हुए राघव को जन्मदिन की बधाई दी है। इस वीडियो के साथ फिल्म में राघव के होने की भी पुष्टि हो गई है। ‘द पैराडाइज मूवी’ ने अपने इंस्टाग्राम पर एक बीटीएस वीडियो शेयर किया है।

इसके साथ ही राघव की इस फिल्म में शामिल होने की आधिकारिक घोषणा कर दी गई। राघव का किरदार गंभीर और दमदार है। वीडियो में उनकी मेहनत और उत्साह साफ दिखाई दे रहा है। फिल्म के डायरेक्टर श्रीकांत ओडेला बता रहे हैं कि उन्होंने राघव के किरदार को कैसे तैयार किया है और उनके लुक को किस तरह से डिजाइन किया गया है। राघव वाकई एक कमाल के कलाकार हैं जिनकी ऑन-स्क्रीन मौजूदगी बेहद अलग और प्रभावशाली है। 'किल' और 'ग्यारह ग्यारह' जैसी फिल्मों में दमदार अभिनय करने के बाद अब वे नेचुरल स्टार नानी के साथ फिल्म में एक और यादगार भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं।

मेकर्स ने वीडियो के कैप्शन में लिखा, “द पैराडाइज-प्रतिभाशाली लोगों को शुभकामनाएं देता है। राघव जुयाल को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। एक ऐसे रोल में उनका स्वागत है, जो अनोखा होगा और सभी को आश्चर्यचकित कर देगा।” फिल्म 26 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को कुल 8 भाषाओं तेलुगु, हिंदी, तमिल, कन्नड़, मलयालम, बंगाली, अंग्रेजी और स्पेनिश में रिलीज किया जाएगा। कई रिपोर्टों में कहा जा रहा है कि राघव सुपरस्टार शाहरुख खान की मूवी ‘किंग’ में भी काम करते दिखेंगे।
हमेशा से चित्रांगदा सिंह के साथ काम करना चाह रहे थे ‘बैटल ऑफ गलवान’ के डायरेक्टर अपूर्व लाखिया

सुपरस्टार सलमान खान की अगली फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' होगी। हाल ही उन्होंने इसकी घोषणा की थी। सलमान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वॉर ड्रामा का मोशन पोस्टर जारी किया था। मेकर्स कई दिनों से फिल्म में लीड एक्ट्रेस की कास्टिंग की तलाश में बिजी थे। अब ऐसा लग रहा है कि उनकी तलाश एक्ट्रेस चित्रांगदा सिंह पर जाकर खत्म हुई है। फिल्म का निर्देशन कर रहे अपूर्वा लाखिया ने एक स्टेटमेंट में बताया कि मैं हमेशा से ही चित्रांगदा के साथ काम करना चाह रहा था।

मैंने चित्रांगदा की शानदार परफॉर्मेंस 'हजारों ख्वाहिशें ऐसी' और 'बॉब बिस्वास' जैसी फिल्मों में देखी है। मुझे उम्मीद है कि चित्रांगदा फिल्म में निभाए जाने वाले अपने किरदार में जान डाल देंगी। 'बैटल ऑफ गलवान' में सलमान के साथ चित्रांगदा की जोड़ी एकदम परफेक्ट साबित होगी। मूवी में सलमान एक आर्मी ऑफिस का रोल निभा रहे हैं। यह फिल्म साल 2020 में गलवान वैली में भारत-चीन के बीच हुए विवाद पर आधारित है।

बता दें चित्रांगदा ने साल 2005 में आई फिल्म 'हजारों ख्वाहिशें ऐसी' के जरिए अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। इसमें चित्रांगदा के साथ केके मेनन और राम कपूर नजर आए थे।इसके अलावा चित्रांगदा ने 'ये साली जिंदगी', 'इनकार' और 'खेल खेल में' जैसी फिल्मों में भी काम किया है। चित्रांगदा को इन दिनों अक्षय कुमार की फिल्म 'हाउसफुल 5' में देखा जा रहा है, जो बॉक्स ऑफिस पर बढ़िया प्रदर्शन कर रही है।