‘पुष्पा द राइज’ ने मचाई धूम, 2 दिन में 100 करोड़ का कारोबार, जानें ‘स्पाइडरमैन नो वे होम’ की भी कमाई

साउथ के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना की फिल्म 'पुष्पा द राइज' का फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। दो दिन पहले रिलीज हुई ये फिल्म सिनेमाघरों पर धमाल मचा रही है। अल्लू और रश्मिका की एक्टिंग की खूब तारीफ हो रही है। पैन इंडिया के बड़े प्रोजेक्ट्स में से एक फिल्म 'पुष्पा' उम्मीदों पर खरी उतरी है। फिल्म ने दो दिन में अच्छा कारोबार किया है। इसे हिंदी के साथ-साथ कई भाषाओं में रिलीज किया गया है। इसे अच्छे रिव्यू के साथ बढ़िया बॉक्स ऑफिस कलेक्शन मिला है।

फिल्म ने पहले दिन 3 करोड़ की ओपनिंग लेकर हिंदी सिनेमा के लिए एक नया टारगेट सेट किया है। इसने दूसरे दिन 4 करोड़ का कलेक्शन किया। ट्रेड एनालिस्ट रमेश बाला ने बताया कि फिल्म ने वर्ल्ड वाइड बॉक्स ऑफिस पर दो दिन में 100 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस कर लिया है। इसे अमेरिका में भी काफी पसंद किया जा रहा है। इसे सुकुमार ने डायरेक्ट किया है। इसका निर्माण दो भागों में किया गया है। ये आंध्रप्रदेश के शेषचलम क्षेत्र के लाल चंदन तस्करों के जीवन पर आधारित है।

ये कारनामा करने वाली पहली फिल्म बनी ‘स्पाइडरमैन नो वे होम’

सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट की फिल्म ‘स्पाइडरमैन नो वे होम’ भी धूम मचा रही है। फिल्म ने शनिवार को 26.10 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन करके रिकॉर्ड बना दिया। इस दिन इसका कुल कलेक्शन 33.67 करोड़ रुपए रहा। फिल्म ने 41.50 करोड़ की कुल ओपनिंग में 32.67 रुपए की कमाई करके रिलीज के दिन गुरुवार को ही धमाका कर दिया था। शुक्रवार को इसका कुल कलेक्शन 25.67 करोड़ और नेट कमाई 20.37 करोड़ रही। फिल्म का कुल कलेक्शन 100.84 करोड़ रुपए हो गया है।

ये कारनामा करने वाली देश में रिलीज हुई किसी भी भाषा की ये पहली फिल्म है। पहले तीन दिन की नेट कमाई 79.14 करोड़ रुपए हो चुकी है। भारत में इस साल रिलीज हुई हिंदी फिल्मों में सबसे ज्यादा कमाई का रिकॉर्ड अभी तक अक्षय कुमार और कैटरीना कैफ स्टारर फिल्म ‘सूर्यवंशी’ के पास है। इसने सौ करोड़ की कमाई का आंकड़ा रिलीज के पांचवें दिन छुआ था। ये अब तक 195.30 करोड़ कमा चुकी है।