BO की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी पुष्पा 2: द रूल, फिर भी जवान को पीछे छोड़ बनाया यह रिकॉर्ड

लगातार बदलती हुई रिलीज डेट के बाद आखिरकार पुष्पा 2: द रूल ने 4 दिसम्बर को सिनेमाघरों में दस्तक दी। इस फिल्म को लेकर दर्शकों में जो उन्माद था, वह पहले दिन के कारोबार में साफ नजर आ गया है। फिल्म ने पहले दिन की कमाई में रिकॉर्ड तोड़ कारोबार करते हुए पहली पायदान हासिल करने में सफलता प्राप्त कर ली है। हालांकि इन आंकड़ों में सबसे बड़ा हाथ इसके महंगी टिकट दर का रहा है।

हालांकि पुष्पा 2 : द रूल का कारोबार पहले दिन की उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा है। जिस तरह से इस फिल्म की हाईप थी, दर्शकों में जुनून था और जिस अंदाज में इसकी एडवांस बुकिंग हुई थी, उसे देखते हुए यह कहा जा सकता है कि फिल्म ने बॉक्स ऑफिस की उम्मीदों को पूरा नहीं किया है। इसके कारोबार में कमी का सबसे बड़ा कारण इसका 3डी प्रिंट का प्रदर्शित न होना रहा, जिसके चलते सिनेमाघरों में 3डी के स्थान पर 2डी में शो दिखाया गया। साथ ऑन लाइन बुकिंग बुक माई शो ने दर्शकों को रिफंड देने की बात कही।

जयपुर के गोलछा मल्टीप्लेक्स में जब पंक्तियों के लेखक ने फिल्म देखी तो उस समय 60 प्रतिशत से ज्यादा सिनेमाघर खाली था। यह वो शो था जो पहले 3डी में दिखाया जाना था, लेकिन जब 3डी नहीं आया तो 2डी में शो दिखाया गया, जिसके चलते दर्शक कम हुए। कमोबेश यह स्थित पूरे भारत के सिनेमाघरों में रही, जिसके चलते कारोबार पर असर पड़ा।

इन सबके बावजूद फिल्म को जहां क्रिटिक्स से पॉजीटिव रिव्यू मिले तो वहीं दर्शकों ने फिल्म को पैसा वसूल बताया। फिल्म के बॉक्स ऑफिस कारोबार की गूंज न सिर्फ तेलुगू में अपितु हिन्दी में भी सुनाई दे रही है। इतना ही नहीं पहले दिन के कारोबार में पुष्पा 2: द रूल ने शाहरुख खान की हिन्दी फिल्म जवान को पीछे छोड़ते हुए अब तक की सबसे बड़ी ओपनर करने वाली फिल्म का खिताब अपने नाम करने में सफलता प्राप्त कर ली है।

शुरूआती आंकड़ों के अनुसार, पुष्पा 2 ने पहले दिन भारत में 165 करोड़ की ओपनिंग हासिल की है। जबकि तेलुगू में फिल्म एक दिन पहले रिलीज की गई थी तो 10.1 करोड़ की कमाई फिल्म ने की। इसके बाद भारत में पुष्पा 2 की कमाई 175.1 करोड़ हो गया है, जिसमें 95.1 करोड़ तेलुगू में, 67 करोड़ हिंदी में, 7 करोड़ तमिल में, कन्नड़ में 1 करोड़ और मलयालम में 5 करोड़ की कमाई फिल्म ने हासिल की है।


इसके अलावा ट्रेड एनालिस्ट मनोबाला विजयाबालन ने एक्स पर एक ट्वीट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने जानकारी दी कि टॉलीवुड ने बॉलीवुड को पछाड़ दिया है। पुष्पा 2 के हिंदी वर्जन ने 65.35 करोड़ के नेट कलेक्शन के साथ जवान हिंदी के डे 1 बॉक्स ऑफिस को पछाड़ दिया है और अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाला बन गया है। इतना ही नहीं हिंदी भाषा में पुष्पा 2 का ग्रॉस कलेक्शन 80 से 85 करोड़ का बताया जा रहा है, जिसके चलते पुष्पा 2 ने रिकॉर्ड तोड़ कलेक्शन करके इतिहास में अपना नाम दर्ज कर दिया है।