2 News : मिस वर्ल्ड में प्रियंका ने कर दिया था बिकिनी पहनने से मना, एक्ट्रेस की यह फिल्म फिर से हो रही रिलीज

एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा बॉलीवुड में लंबे समय तक सफल पारी खेलने के बाद हॉलीवुड में अपनी चमक बिखेर रही हैं। प्रियंका भले ही अब ज्यादातर समय विदेश में बिताती हैं, लेकिन फिर भी यहां सुर्खियों में रहती हैं। प्रियंका सोशल मीडिया पर अपने अमेरिकी पति सिंगर निक जोनास और बेटी मालती मैरी के साथ फोटो और वीडियो शेयर करना पसंद करती हैं। प्रियंका की मां मधु चोपड़ा अक्सर अपनी बेटी से जुड़ी बातें बताती रहती हैं। अब लहरें रेट्रो के साथ बातचीत में मधु ने बताया कि प्रियंका का व्यवहार, उसका कनडक्ट कही भी…देखो स्विमवियर में भी, मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में उन्होंने कहा कि टू पीस पहनो।

प्रियंका ने पहनने से मना कर दिया था। तो उसने प्रोफेशनलिज्म के साथ भी अपनी गरिमा बनाए रखी। ये नहीं कि नखरे कर रही हो। इसी इंटरव्यू में मधु ने बताया कि प्रियंका ने सुष्मिता सेन से इंस्पिरेशन ली थी, जबकि लारा दत्ता ने उनके मिस इंडिया के सफर के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। लारा ने प्रियंका को रैंप वॉक, साड़ी पहनना और मेकअप करना सिखाया था। ऐसा इसलिए था क्योंकि ब्यूटी पेजेंट में कंटेस्टेंट्स को सब कुछ मैनेज करना होता था। प्रियंका को सिर्फ काजल लगाने की आदत थी।

लारा साल 2000 में मिस यूनिवर्स की विनर भी थीं। प्रियंका और लारा अभी भी दोस्त हैं। जब भी वो दोनों एक शहर में होती हैं, वो मिलती हैं। उल्लेखनीय है कि लारा और प्रियंका ने अपने फिल्मी करिअर की शुरुआत साथ में की थी। उन दोनों ने साल 2003 में आई अक्षय कुमार की फिल्म ‘अंदाज’ से अपना डेब्यू किया था। प्रियंका के काम की बात करें तो वह फिल्ममेकर एसएस राजामौली की फिल्म SSMB29 की शूटिंग में बिजी हैं। इस फिल्म में प्रियंका के साथ साउथ इंडियन स्टार महेश बाबू नजर आएंगे। प्रियंका लंबे समय बाद भारतीय सिनेमा में वापसी कर रही हैं।
7 मार्च को मधुर भंडारकर के डायरेक्शन में बनी प्रियंका चोपड़ा स्टारर मूवी ‘फैशन’ हो रही री-रिलीज

डायरेक्टर मधुर भंडारकर की फिल्म 'फैशन' साल 2008 में रिलीज हुई थी। यह उस समय की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक थी। इसमें प्रियंका चोपड़ा, कंगना रनौत और मुग्धा गोडसे की अहम भूमिकाएं थीं। यह फिल्म न केवल दर्शकों को पसंद आई थी, बल्कि इस फिल्म ने प्रियंका और कंगना को नेशनल अवार्ड भी दिलाया था। अब यह फिल्म एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाल मचाने के लिए तैयार है। यह शुक्रवार (7 मार्च) को सिनेमाघरों में दोबारा रिलीज होगी।

इस फिल्म को दोबारा रिलीज करने का मकसद नई पीढ़ी को इस आइकॉनिक फिल्म से जोड़ना है। पीवीआर आईनॉक्स ने अपने इंस्टाग्राम पर मधुर का एक वीडियो शेयर करके इसकी घोषणा की। मधुर ने कहा, मुझे यह घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि फिल्म फैशन पीवीआर आईनॉक्स में महिला दिवस फिल्म महोत्सव के हिस्से के रूप में फिर से रिलीज हो रही है। यह फिल्म मेरे दिल के बहुत करीब है और इतने सालों बाद भी दर्शकों को पसंद आ रही है, यह देखना अविश्वसनीय है।

यह फिल्म फैशन इंडस्ट्री की कड़वी सच्चाई को उजागर करने के लिए जानी जाती है। कहानी मॉडलिंग और ग्लैमर इंडस्ट्री की हकीकत को बखूबी दिखाती है। फिल्म में प्रियंका ने ‘मेघना माथुर’ नाम की लड़की का किरदार निभाया था, जो एक छोटे शहर से आकर फैशन इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाती है। लेकिन यह दुनिया जितनी चमकदार दिखती है, उतनी ही कड़वी भी होती है। कंगना ने सुपरमॉडल ‘शोनीया’ का रोल प्ले किया था, जो इंडस्ट्री की चकाचौंध में अपनी पहचान खो देती है।