प्रियंका ने उम्र को लेकर उड़ाया निक का मजाक! अली गोनी ने शेयर किया मजेदार मीम, अवार्ड से चूके वीर दास

एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा इन दिनों काफी सुर्खियों में हैं। हाल ही सोशल मीडिया पर प्रियंका और उनके पति निक जोनास की तलाक संबंधी खबरों ने जोर पकड़ लिया था। अब प्रियंका ने एक ऐसा वीडियो शेयर किया है जिसने तहलका मचा दिया है। प्रियंका ने निक का मज़ाक बनाते हुए वीडियो डाला है जो खूब वायरल हो रहा है। दरअसल प्रियंका ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल से यह वीडियो शेयर किया है, जिसमें वे निक और उनके भाइयों को रोस्ट करती हुई दिखाई दे रही हैं। प्रियंका, निक और उनके बीच ऐज गैप को लेकर भी मजाक भी बना रही हैं। प्रियंका कहती हैं कि आज मैं यहां आकर खुद को बहुत सम्मानित महसूस कर रही हूं।

मैं निक और उनके भाइयों को रोस्ट करूंगी। मैं भारत से हूं जहां कल्चर, म्यूजिक और एंटरटेनमेंट का भंडार है इसलिए जोनस ब्रदर्स वहां मजबूत नहीं हो पाए। निक और मेरे बीच उम्र में 10 साल का अंतर है और 90 के दशक के कई पॉप कल्चर रिफरेंस हैं जो उसे समझ नहीं आते हैं। कई बार तो मुझे उसे ये सब समझाना पड़ता है। कई बार हम दोनों एक-दूसरे को कुछ बातें सिखाते हैं। जैसे उसने मुझे टिक टॉक चलाना सिखाया तो मैंने उसे दिखाया कि एक कामयाब एक्टिंंग करियर कैसा होता है। प्रियंका ने जो वीडियो क्लिप शेयर किया है उसका प्रसारण जल्द ही नेटफ्लिक्स पर किया जाएगा। प्रियंका व निक ने दिसंबर 2018 में शादी की थी।


प्रियंका-निक की तलाक की अफवाहों पर अली गोनी ने यूं कसा तंज

बिग बॉस फेम और टीवी एक्टर अली गोनी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर प्रियंका और निक के तलाक को लेकर चल रही अफवाहों का मजाक उड़ाने वाला एक मीम शेयर करने से खुद को रोक नहीं पाए। इस मीम को गोनी ने भले ही इंस्टा पर शेयर किया है, लेकिन उन्होंने इसके साथ कोई इमोजी और कैप्शन नहीं लिखा। ये पोस्ट और मीम अब वायरल हो गए हैं। गोनी ने जिस मीम को शेयर किया है उसमें दो तस्वीरें हैं।

पहली फोटो में निक जिम में वर्कआउट करते दिख रहे हैं और उस पर प्रियंका के पुराने वाले सरनेम के साथ कमेंट किया गया है कि-डैम मैं अभी तुम्हारी बाहों में मर गई। दूसरी फोटो में प्रियंका गैंगस्टर के आगे खड़ी दिख रही हैं, जिसके हाथों में बंदूकें हैं। इस फोटो पर लिखा है-आराम करो बॉयज..ब्रेकअप नहीं हुआ है। बहरहाल गोनी की बात करें तो वे हाल ही एक्ट्रेस अनुष्का रंजन और आदित्य सील की शादी में नजर आए थे। वे गर्लफ्रेंड जैस्मीन भसीन के साथ शादी में आए हुए थे। गोनी बिग बॉस 14 के फाइनलिस्ट में से एक थे। इस शो में जैस्मीन भी थीं।


वीर दास पर लगा था भारत के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी का आरोप

कॉमेडियन वीर दास को अपने कॉमेडी स्पेशल 'Vir Das : For India' के लिए इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड्स में नॉमिनेशन मिला था। हालांकि वे इस अवार्ड से चूक गए। वीर को भले ही ये अवार्ड न मिला हो, लेकिन उन्हें एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के साथियों से सपोर्ट जरूर मिला है। प्रियंका चोपड़ा ने भी वीर के नॉमिनेशन पर उन्हें बधाई देते हुए रिएक्ट किया है। प्रियंका ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, बधाई वीर दास, आपने हमारा मान बढ़ाया।

हाल ही में वीर अपने एक वीडियो के कारण सुर्खियों में थेI ‘come from two Indias' वाले इस वीडियो को वीर ने यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया था। एक वकील ने मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए वीर पर 'भारत के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी' करने का आरोप लगाया था। ये शो अमेरिका के वाशिंगटन डीसी के कैनेडी सेंटर में परफॉर्म किया गया था।