Pornography Case: क्राइम ब्रांच को मिली एक और कामयाबी, राज कुंद्रा की गिरफ्तारी के बाद पकड़ा गया ये शख्स

पोर्नोग्राफी मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच को एक और कामयाबी मिली है। बॉलीवुड ऐक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी (Shilpa Shetty) के पति राज कुंद्रा (Raj Kundra) की गिरफ्तारी के लगभग 10 घंटे बाद मुंबई क्राइम ब्रांच ने नेरुल इलाके से रयान थारप नाम के एक शख्स को गिरफ्तार किया है। इस केस में अब तक राज सहित 11 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

बीती रात को क्राइम ब्रांच ने राज कुंद्रा को गिरफ्तार किया। राज पर अश्लील फिल्म बनाने और उन्हें कुछ ऐप पर दिखाने का आरोप है। मुंबई पुलिस कमिश्नर हेमंत नागराले का कहना है कि कुंद्रा इस मामले में मुख्य मास्टर माइंड हैं और हमारे पास उनके खिलाफ पुख्ता सबूत हैं। मुंबई क्राइम ब्रांच के मुताबिक, राज कुंद्रा ने पोर्न इंडस्ट्री में 8-10 करोड़ रुपये का निवेश किया था। क्राइम ब्रांच ने सोमवार को पहले राज कुंद्रा को पूछताछ के लिए बुलाया था और इसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। क्राइम ब्रांच का कहना है कि फरवरी 2021 में क्राइम ब्रांच ने मुंबई में अश्लील फिल्म बनाने और उन्हें कुछ एप्स पर दिखाने का मामला दर्ज किया था।

राज कुंद्रा और उनके ब्रिटेन में रह रहे भाई ने वहीं केनरिन नाम की एक कंपनी बनाई। फिल्मों के वीडियो भारत में शूट किए गए थे और वी ट्रांसफर (ये एक फाइल ट्रांसफर सर्विस है) के जरिए उन्हें केनरिन को भेजा गया। ये कंपनी राज कुंद्रा ने ही बनाई और विदेश में रजिस्ट्रेशन करवाया ताकि भारत के साइबर लॉ से बच सकें।

होटल्स और घरों को किराये पर लेकर इनमें पोर्न फिल्में शूट की जाती थीं। मॉडल्स को काम देने के बहाने इन अश्लील फिल्मों में काम कराया जाता था। इसके बाद लोगों से फिल्म दिखाने के लिए पैसे लिए जाते थे। जांच में ये भी सामने आया है कि लड़कियों को बड़ी फिल्मों में काम दिलाने के बहाने उनसे जबरन अश्लील फिल्मों में काम करवाया जाता था। पुलिस का कहना है कि उनके पास राज कुंद्रा के खिलाफ न सिर्फ आरोपियों के बयान हैं, बल्कि टेक्नीकल सबूत भी हैं।

मंगलवार को कोर्ट में पेश होंगे राज

मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम राज कुंद्रा को मंगलवार को कोर्ट में पेश करेगी। पुलिस का कहना है कि उनके पास राज कुंद्रा के खिलाफ पर्याप्त सबूत हैं। पुलिस ने वीडियो अपलोड करने वाले उमेश कामथ को भी गिरफ्तार किया है।