PNB Scam : नीरव मोदी ब्रांड के साथ प्रियंका चोपड़ा ने तोड़े सभी कॉन्ट्रेक्ट

पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) में हुए 11,400 करोड़ रुपये के घोटाले के खुलासे के बाद प्रियंका चोपड़ा ने आरोपी नीरव मोदी से सभी कॉन्ट्रेक्ट तोड़ लिए हैं। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, प्रियंका चोपड़ा के प्रवक्ता ने बताया कि नीरव मोदी पर लगे आरोपों के बाद से ही वे अनुबंध खत्म करने के लिए कानूनी सलाह ले रहीं थी। बता दें कि प्रियंका चोपड़ा हॉलीवुड में अपने क्वांटिको सीरीज से मिली सफलता के बाद काफी हिट हुईं थी। इसको देखते हुए नीरव ने उन्हें जनवरी 2017 में अपनेे ब्रांड का एंबेसडर बनाया था। लक्जरी डायमंड ज्वेलरी ब्रांड से जुड़ी प्रियंका ने अब इस करार को खत्म कर लिया है।

कुछ दिनों से खबर वायरल थी कि प्रियंका ने नीरव को नोटिस भेजा है और केस करेंगी। हालांकि उनकी टीम के एक स्पोक्सपर्सन ने इस विवाद पर सफाई दी थी। उन्होंने कहा, 'कई खबरें आ रही हैं कि प्रियंका चोपड़ा ने नीरव मोदी पर केस कर दिया है लेकिन यह सच नहीं है। हालांकि प्रियंका इस वक्त उनके साथ कॉन्ट्रैक्ट को तोड़ने के लिए कानूनी सलाह जरूर ले रही हैं।'

आपको बता दें कि बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा से लेकर हॉलीवुड की केट विंसलेट तक नाम नीरव मोदी से जुड़ा है। ये सभी नीरव मोदी के क्लाइंट रहे हैं। लेकिन, पीएनबी घोटाले के तुरन्त बाद सेलिब्रिटीज भी अपना पल्ला झाड़ना शुरू कर दिया है। हाल ही में प्रियंका चोपड़ा ने भी नीरव मोदी पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। इकनोमिक्‍स टाइम्‍स की खबर के अनुसार प्रियंका की मैनेजमेंट टीम ने आरोप लगाया था कि उन्‍हें उनके विज्ञापनों के लिए उतना पैसा नहीं दिया गया, जितना कॉन्ट्रैक्ट में लिखा गया था।