अक्षय कुमार को फिल्म इंडस्ट्री में तीन दशक से ज्यादा हो चुके हैं। उन्हें एक से बढ़कर एक फिल्म में काम करने का मौका मिला है। अक्षय ने हर तरह के किरदार में खुद को साबित किया है। अक्षय बॉलीवुड के सबसे बिजी कलाकारों में से एक माने जाते हैं। अक्षय पिछले साल ‘बड़े मियां छोटे मियां’, ‘सिरफिरा’, ‘खेल खेल में’ और ‘सिंघम अगेन’ फिल्म में नजर आए थे। इसके बाद इस साल गणतंत्र दिवस से ठीक पहले उनकी फिल्म ‘स्काई फोर्स’ रिलीज हुई। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा बिजनेस किया।
अब अक्षय 'हाउसफुल 5', 'जॉली एलएलबी 3' और 'केसरी 2' में भी काम करते दिखेंगे। कई बार सवाल किया जाता है कि अक्षय साल में इतनी फिल्में क्यों करते हैं। इस बारे में परेश रावल ने खुलकर बात की है, जो अक्षय के साथ कई फिल्मों में स्क्रीन शेयर कर चुके हैं। परेश ने सिद्धार्थ कानन को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि अगर वो इतनी सारी फिल्में करते हैं तो आपको क्या परेशानी है? लोग फिल्म बनाने के लिए उनके पास जाते हैं, है न? एक फिल्ममेकर के तौर पर, मैं किसी एक्टर को तभी साइन करूंगा जब मैं उस पैसे का हिसाब दे सकूं जो मैं इनवेस्ट कर रहा हूं। उसे बस काम करना पसंद है।
वो स्मगलिंग तो नहीं कर रहा, अवैध शराब तो नहीं बेच रहा, ड्रग्स नहीं बेच रहा या जुआ तो नहीं खेल रहा। वो बस जितना मुमकिन हो उतना काम करता है और सबसे अहम बात ये है कि उसकी फिल्में हजारों लोगों के लिए रोजगार का जरिया भी हैं। तो प्रॉब्लम कहां है? उल्लेखनीय है कि अक्षय और परेश की जोड़ी ‘मिस्टर एंड मिसेज खिलाड़ी’, 'हेरा फेरी', 'फिर हेरा फेरी', 'भागम भाग', 'भूल भुलैया', 'गरम मसाला', 'ओह माय गॉड', 'ऐतराज’, 'सरफिरा' जैसी फिल्मों में अपना जादू चला चुकी है। अब वे 'हेरा-फेरी 3' और ‘भूत बंगला’ में भी साथ काम करते नजर आएंगे।
मुनव्वर फारुकी पर लग रहे हैं गाली देने और अश्लील इशारे करने के आरोपबिग बॉस 17 के विजेता स्टैंड अप कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी हमेशा लाइमलाइट में रहते हैं। वे फिलहाल अपने नए शो ‘हफ्ता वसूली’ की वजह से चर्चाओं में हैं। शो जियो हॉटस्टार पर 14 फरवरी से शुरू हुआ है। शो शुरुआत में ही विवादों में आ गया है और इसे बैन करने की मांग उठ रही है। मुनव्वर और उनके शो के खिलाफ शिकायत भी दर्ज हो गई है। मुनव्वर का शो रोस्ट कॉमेडी शो है। इसमें कुछ कमेंट मुनव्वर के द्वारा किए गए हैं जिसकी कुछ क्लिप्स सोशल मीडिया पर खूब तेजी से वायरल हो रही हैं।
इसमें मुनव्वर कुछ गाली और इशारे भी कर रहे हैं। उन पर अश्लीलता फैलाने के आरोप हैं। पेशे से वकील अमित सचदेवा ने मुनव्वर और शो के खिलाफ मेल लिखा है। उन्होंने धार्मिक भावनाओं को ठेस और अश्लीलता फैलाने के आरोप लगाए हैं। साथ ही अपने ट्वीट पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 196, 299 और 353 के तहत शिकायत दर्ज करने के आग्रह किया है।
आरोपों के आधार पर आईटी एक्ट की धाराएं भी लगाने की मांग की है। पोस्ट में उन्होंने कोर्ट जाने के लिए भी कहा है। मुनव्वर के शो को लेकर लोग कड़ी आलोचना कर रहे हैं। उनका कहना है कि इस तरह के शो हिन्दू संस्कृति और देवी-देवताओं का अपमान करते हैं, इस तरह के शो से बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।