मंडे टेस्ट फेल हुई ‘ओ रोमियो’ ! जानें शाहिद कपूर की फिल्म ने चौथे दिन कितनी कमाई की

शाहिद कपूर की लेटेस्ट थिएटर रिलीज़ ‘ओ रोमियो’ शुक्रवार, 13 फरवरी को सिनेमाघरों में दर्शकों के सामने आई। विशाल भारद्वाज के निर्देशन में बनी यह एक्शन-रोमांटिक ड्रामा अपनी स्टार कास्ट और रिलीज़ से पहले की चर्चाओं की वजह से ओपनिंग वीकेंड में अच्छी ऑडियंस खींचने में सफल रही। पहले तीन दिनों में ही फिल्म ने 30 करोड़ रुपये का माइलस्टोन पार कर लिया। लेकिन सोमवार को फिल्म की कमाई में काफी गिरावट देखने को मिली। आइए जानते हैं, चौथे दिन ‘ओ रोमियो’ ने कितना कलेक्शन किया।

चौथे दिन की कमाई


‘ओ रोमियो’ ने कमीने, रंगून और हैदर जैसी हिट फिल्मों के बाद सिनेमाघरों में दस्तक दी। शाहिद कपूर के साथ तृप्ति डिमरी ने अहम रोल निभाया। रिलीज़ के समय फिल्म को दर्शकों से पॉजिटिव रिव्यू मिले, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर अभी तक यह कोई बड़ी कमाई नहीं कर पाई है।

पहले दिन फिल्म ने 8.5 करोड़ रुपये कमाए, जबकि शनिवार को इसकी कमाई बढ़कर 12.65 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। रविवार को भारत-पाकिस्तान मैच के कारण फिल्म की कमाई में गिरावट आई और यह महज 9 करोड़ रुपये ही कमा पाई।

मंडे यानी चौथे दिन फिल्म की कमाई में और कमी देखने को मिली। सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के अनुसार, ‘ओ रोमियो’ ने पहले मंडे को 4.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इस तरह फिल्म का कुल कलेक्शन अब 34.90 करोड़ रुपये हो गया है।
ऑक्यूपेंसी का हाल

फिल्म की ऑक्यूपेंसी के आंकड़े भी निराशाजनक रहे। सुबह के शो में 7.12%, दोपहर के शो में 11.92% और शाम के शो में 11.53% की ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई।

बजट के आधे से भी कम कमाई

‘ओ रोमियो’ का बजट लगभग 130 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। रिलीज़ के चार दिन बाद भी फिल्म ने अपने बजट का आधा हिस्सा भी वसूल नहीं किया है। अगर वीकडेज़ में इसकी कमाई रफ्तार पकड़ने में नाकाम रही, तो फिल्म के लिए सुरक्षित जोन में आना मुश्किल हो सकता है।

फिल्म का कास्ट और कहानी

शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी के अलावा फिल्म में विक्रांत मैसी, तमन्ना भाटिया, अविनाश तिवारी, दिशा पटानी, फरीदा जलाल और नाना पाटेकर जैसे कलाकार भी हैं। कहानी लेखक हुसैन जैदी की किताब ‘माफिया क्वींस ऑफ मुंबई’ के एक चैप्टर से प्रेरित है।