हनीमून मनाने राजस्थान पहुंचे नील और ऐश्वर्या, जानें किनके प्यार में पड़ गई हैं तारक मेहता…की ‘बबीता जी’

टीवी इंडस्ट्री की प्यारी जोड़ी नील भट्ट और ऐश्वर्या शर्मा ने एक महीने पहले 30 नवंबर को मध्यप्रदेश के उज्जैन में शादी रचाई थी। यह कपल शादीशुदा जिंदगी को बखूबी एंजॉय कर रहा है। उन्होंने एक साल की डेटिंग के बाद फैसला कर लिया था कि वे शादी करेंगे। वे टीवी सीरियल ‘गुम है किसी के प्यार में’ एक साथ दिख रहे हैं और इसकी शूटिंग के दौरान ही दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी थीं। अब यह कपल काम से ब्रेक लेकर एक मिनी हनीमून ट्रिप के लिए राजस्थान पहुंच गया है।

जैसलमेर से दोनों की तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। सामने आई तस्वीरों में आप देख सकते हैं कि नील और ऐश्वर्या पूरी तरह से एक-दूसरे में खोए हुए हैं। एक वीडियो में ऐश्वर्या राजस्थानी नृत्य ‘घूमर’ पर डांस करती हुई नजर आ रही हैं। दूसरे वीडियो में दोनों ठंड से कांपते नजर आए। कुछ दिन पहले ऐश्वर्या ने संगीत सेरेमनी की अनदेखी तस्वीरें इंस्टा हैंडल पर शेयर की थीं। 20 दिसंबर को ऐश्वर्या ने गृह प्रवेश रस्म की तस्वीरें भी फैंस को दिखाई थीं।


बबीता जी यानी मुनमुन दत्ता ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया वीडियो

सब टीवी का कॉमेडी शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' करीब 14 साल से लोगों का फेवरेट सीरियल बना हुआ है। शो में बबीता जी का रोल निभाने वालीं मुनमुन दत्ता की सोशल मीडिया पर लंबी-चौड़ी फैन फॉलोइंग है। मुनमुन सुर्खियों में बनी रहती हैं। वे एक बार फिर खबरों में आ गई हैं और इस बार तो उन्होंने अपने प्यार का इजहार कर दिया है। मुनमुन ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें उन्होंने बताया कि वो सबसे ज्यादा किससे प्यार करती हैं। मुनमुन से पूछा गया कि क्या आप प्यार में हैं? इस पर मुनमुन कहती हैं कि मैं खुद के ही प्यार में हूं।

यह वीडियो वायरल हो रहा है। कुछ समय पहले खबरें आई थीं कि मुनमुन शो में टप्पू का रोल कर रहे राज अनादकत को डेट कर रही हैं जो उनसे 9 साल छोटे हैं। इस खबर को अफवाह बताते हुए मुनमुन ने ट्रोलर्स को जमकर लताड़ लगाई थी। शो में मुनमुन से दिलीप जोशी (जेठालाल) हेल्दी फ्लर्ट करते रहते हैं। मुनमुन ने 17 साल की उम्र में वर्ष 2004 में जीटीवी पर आने वाले सीरियल 'हम सब बाराती' से डेब्यू किया था।