नेहा-अंगद ने यूं किया मेहर को विश, पर्णलेखा ने ऐसे किया राजकुमार का स्वागत, नुसरत ने की शादी!

एक्ट्रेस नेहा धूपिया और अंगद बेदी की बेटी मेहर तीन साल की हो गई है। नेहा व अंगद ने इस मौके पर सोशल मीडिया पर बेहद प्यारी पोस्ट शेयर की। नेहा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से बेटी मेहर संग एक तस्वीर शेयर की है। इसमें नेहा स्वेटर के साथ शॉर्ट्स पहने अपना बेबी बंप फ्लॉन्ट कर रही हैं। मेहर उनके पास खड़ी है। नेहा ने लिखा कि इस दिन 3 साल पहले, 11:25 पर सुबह के समय...मेरा दिल मेरे शरीर के बाहर धड़कने लगा...हमारी बेबी गर्ल....आपने हमें सिखाया कि, प्यार क्या होता है...हैप्पी बर्थडे...हमारी लिटिल यूनीकॉर्न मम्मा के पास शब्द कम पड़ गए हैं (जो कभी नहीं होता है)।’ अंगद ने भी एक वीडियो शेयर किया।

उन्होंने लिखा, आप हर दिन मुझे बेहतर बनाना चाहती हैं। मैं आपके प्रति अपना प्यार जाहिर नहीं कर सकता। भगवान का और आपकी प्यारी मां का आपको इस दुनिया में लाने के लिए और आपका हमें पेरेंट्स चुनने के लिए शुक्रिया। मैं आपको प्यार करता हूं मेरी लाइफलाइन मेहर। जहां भी जाओ, वहां अपनी हंसी फैलाओ। वाहेगुरु आज और हमेशा आपको आशीर्वाद दें'। नेहा और अंगद साल 2018 में शादी के बंधन में बंधे थे। शादी के समय नेहा प्रेग्नेंट थीं। इसी साल नेहा 3 अक्टूबर को दूसरी बार मां बनी थीं। उनके घर बेटे ने जन्म लिया।


पत्रलेखा की बहन पर्णलेखा ने शेयर की शादी की अनदेखी फोटो

एक्टर राजकुमार राव ने 15 नवंबर को अपनी लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड पत्रलेखा पॉल के साथ चंडीगढ़ में सात फेरे लिए थे। इस शादी को राजकुमार ने सीक्रेट ही रखा था। शादी के तुरंत बाद राजकुमार और पत्रलेखा ने तस्वीरें शेयर कीं। अब पत्रलेखा की बहन पर्णलेखा ने जीजा राजकुमार का परिवार में स्वागत किया है। पर्णलेखा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए शादी की एक अनदेखी तस्वीर शेयर की है। इसमें राजकुमार और पत्रलेखा परिवार के साथ खड़े हैं। पत्रलेखा की मां, खुद पर्णलेखा और उनके भाई भी हैं। ये सभी लोग बेहद खुश नजर आ रहे हैं।

पर्णलेखा ने कैप्शन में लिखा, 'प्यार करने के लिए और शादी की पवित्रता के लिए बधाई। परिवार में आपका स्वागत है, राज! हमारा प्यार और हमारी कृतज्ञता की कोई सीमा नहीं है।' इस पोस्ट पर राजकुमार ने भी कमेंट करते हुए हार्टशेप ईमोजी बनाई है। पत्रलेखा ने भी कमेंट कर बहन की तारीफ की है।

नुसरत जहां और यश दासगुप्ता की फोटो देख फैंस लगा रहे अटकलें

बंगाली एक्ट्रेस व तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद नुसरत जहां और निखिल जैन की शादी को हाल ही कोलकाता के एक कोर्ट ने अमान्य करार दिया है। यह फैसला सामने आने के बाद नुसरत ने ब्वॉयफ्रेंड यश दासगुप्ता के साथ इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिसके बाद उनकी शादी की चर्चा जोरों पर है। फोटो में नुसरत ने फ्लोरल दुपट्टे के साथ बेबी ब्लू सूट कैरी किया है जबकि यश जींस और शर्ट में कमाल के दिख रहे हैं। दरअसल नुसरत ने यश के साथ एक नहीं बल्कि तीन फोटो शेयर की थीं। इनमें से एक फोटो में तो नुसरत और यश साथ में दिख रहे हैं, जिसे लेकर चर्चाएं हो रही हैं।

अन्य फोटो दोनों की नई फिल्म के मुहूर्त की है, जिसका जिक्र नुसरत ने हैशटैग में किया है। इसके अलावा यश ने भी मुहूर्त की फोटो शेयर करके फिल्म की जानकारी फैंस के साथ शेयर की है। यश ने कैप्शन में लिखा मेरी अगली फिल्म मास्टरमोशाय अपनी किछू देखेनी का मुहूर्त। आपका प्यार और आशीर्वाद चाहिए। नुसरत ने केवल इतना कैप्शन लिखा कि हमें आशीर्वाद दीजिए, इसलिए फैंस इस बात को जानने के लिए उत्सुक हो गए कि क्या दोनों ने गुपचुप शादी रचा ली।