पार्टी में प्लेटें तोड़ती नजर आईं नीतू कपूर, Video वायरल, बेटी के साथ कपिल शर्मा शो का बनेंगी हिस्सा

पिछले साल अप्रैल के अंत में मशहूर एक्टर ऋषि कपूर का कैंसर के कारण निधन हो गया था। इससे उनकी पत्नी व एक्ट्रेस नीतू कपूर को काफी सदमा पहुंचा था। वे काफी दिनों तक लाइमलाइट से दूर रही थीं। धीरे-धीरे शोक से उबरते हुए वे अब पब्लिक लाइफ में नजर आने लगी हैं। हाल ही में नीतू का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तहलका मचा रहा है। इसमें नीतू किसी पार्टी में एन्जॉय करती दिख रही हैं। उनके साथ बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी और फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा भी नजर आ रहे हैं। नीतू ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर पार्टी के कई वीडियो शेयर किए हैं। उन्होंने काला टॉप व्हाइट जींस के साथ पहना है। एक क्लिप में मनीष भी मजे करते दिखे। इस पार्टी में नीतू सहित सभी ने प्लेट तोड़ी।


नीतू ने लिखा, कपिल के साथ हमेशा ही मस्ती होती है

‘द कपिल शर्मा शो’ के आने वाले एपिसोड में नीतू कपूर और उनकी बेटी रिद्धिमा दिखाई देंगी। नीतू ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें शेयर कर इस बारे में जानकारी दी है। नीतू ने लिखा कि कपिल शर्मा के साथ हमेशा ही मस्ती होती है और इस बार रिद्धिमा ने इसे और ज्यादा इंट्रेस्टिंग बना दिया। इस जॉय राइड के लिए कपिल शर्मा और सोनी टीवी के साथ जुड़े रहिए। रिद्धिमा ने भी अपने इंस्टाग्राम पर तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि अपनी आत्मा को खुश करने के लिए थोड़ा वक्त निकालना चाहिए, कल मेरी जिंदगी की सबसे अमेजिंग (हंसी से फुल) शाम थी कपिल शर्मा शो में मां के साथ। नीतू पूर्व में ऋषि के साथ शो में आ चुकी हैं।


नीतू बड़े पर्दे पर अंतिम बार बेशर्म फिल्म में दिखी थीं

नीतू कपूर के वर्कफ्रंट की बात करें तो उन्हें आखिरी बार साल 2013 में आई फिल्म 'बेशर्म' में ऋषि और बेटे रणबीर कपूर के साथ देखा गया था। वहीं अब वे राज मेहता की आने वाली फिल्म 'जुग जुग जियो' में नजर आएंगी। इसमें उनके साथ अनिल कपूर, वरुण धवन और कियारा आडवाणी अहम किरदार में नजर आएंगे। उल्लेखनीय है कि ऋषि और नीतू ने 70-80 के दशक में कई बेहतरीन फिल्मों में साथ काम किया था। नीतू ने शादी के बाद काफी समय तक एक्टिंग की दुनिया से दूरी बना ली थी।