नयनतारा ने मंगेतर व सामंथा के साथ मनाया बर्थडे, प्रियंका ने शेयर किया फिल्म का पोस्टर, जब रो पड़ीं इलियाना...

साउथ इंडियन एक्ट्रेस नयनतारा गुरुवार (18 नवंबर) को अपना 37वां जन्मदिन मना रही हैं। नयनतारा को सोशल मीडिया पर फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के साथ विश कर रहे हैं। नयनतारा ने बर्थडे मंगेतर फिल्ममेकर विग्नेश शिवन के साथ मनाया, जिसके वीडियो वायरल हो रहे हैं। इसमें नयनतारा येलो टॉप और डेनिम जींस में हैं। लाइट मेकअप और ओपन हेयर्स से उन्होंने लुक कंप्लीट किया है। नयनतारा, विग्नेश के साथ केक काट रही हैं। विग्नेश ब्लैक शर्ट और जींस में हैं। विग्नेश, नयनतारा को प्यार से गले लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं। विग्नेश ने इस मौके पर अपनी फिल्म काथुवाकुल रेंदु काधल का नया पोस्टर भी जारी कर दिया।

विग्नेश ने लिखा- जन्मदिन मुबारक को कनमनी, थांगमेय और मेरी एल्लामेय्य। भगवान तुम्हें उतना ही प्यारा और खूबसूरत बनाए रहे जितनी तुम हो। इस दौरान नयनतारा की बेस्ट फ्रेंड सामंथा रुथ प्रभु भी मौजूद थीं। सामंथा ने सेलिब्रेशन की तस्वीर इंस्टाग्राम पर डालते हुए एक बेहद ही इमोशनल नोट भी लिखा। सामंथा ने एक साथ दो फोटो शेयर की। एक में दोनों को गले लगते हुए और दूसरी में नयनतारा को बड़ा सा केक काटते हुए देखा जा सकता है। सामंथा ने लिखा, ‘वह आई, उसने देखा, उसने हिम्मत की, उसने सपना देखा, उसने परफॉर्म किया और उसने जीत लिया। हैप्पी बर्थडे नयन।’

22 दिसंबर को रिलीज होगी प्रियंका की 'द मैट्रिक्स रिस्युरेक्शंस' फिल्म

एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने अपनी आगामी फिल्म 'द मैट्रिक्स रिस्युरेक्शंस' का नया पोस्टर शेयर किया है। हालांकि इसमें वे खुद नजर नहीं आ रही हैं। प्रियंका ने इंस्टाग्राम पर लिखा, मैट्रिक्स में दोबारा जाने के लिए 'द मैट्रिक्स रिस्युरेक्शन्स' के साथ तैयार हो जाइए। इस क्रिसमस इस फिल्म को अपने नजदीकी थिएटर्स और एचबीओ मैक्स में देखने के लिए तैयार हो जाइए। उल्लेखनीय है कि यह फिल्म का चौथा पार्ट है। मैट्रिक्स का पहला पार्ट वर्ष 1999 में रिलीज हुआ था।

'द मैट्रिक्स रिस्युरेक्शन्स' में अभिनेता कीनू रीव्स, नियो के रुप में दोबारा मैट्रिक्स में जाएंगे जहां पर उन्हे पुराने दुश्मनों से सामना करना पड़ेगा। प्रियंका भी अहम रोल में हैं। हालांकि इस बारे में ज्यादा बताया नहीं गया है। फिल्म 22 दिसंबर को रिलीज हो रही हैं। सितंबर में मेकर्स ने फिल्म का पहला ट्रेलर रिलीज किया था। ग्लासेस पहने प्रियंका का लुक काफी अलग था। प्रियंका के वर्कफ्रंट की बात करे तो वे 'टेक्स्ट फॉर यू' और 'जी ले जरा' जैसी फिल्मों व एक वेबसीरीज में भी नजर आएंगी।

इलियाना डिक्रूज ने लंबे गैप के बाद शुरू किया वर्कआउट

एक्ट्रेस इलियाना डिक्रूज ने लंबे गैप के बाद वर्कआउट करना शुरू किया है। वर्कआउट के बाद ट्रेनर की एक बात पर वे रो पड़ी थीं। इलियाना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर बताया कि उनके ट्रेनर ने उन्हें अपनी बॉडी के प्रति आभार जताने के लिए कहा क्योंकि उनका शरीर अब सबकुछ कर सकता था। दरअसल, इलियाना बॉडी डिस्मॉर्फिक डिसऑर्डर नाम की बीमारी से जूझ रही थीं। वे अक्सर बॉडी पॉजिटिविटी के बारे में लिखती रहती हैं। उन्होंने वर्कआउट सेशन की फोटो शेयर की। इलियाना एक सेल्फी शेयर करते हुए लिखा, “और मैं मंथली मेंटेनैंस क्रू से थोड़े ब्रेक के बाद इस पर वापस आई हूं।” दूसरी फोटो में उनकी आंखों से आंसू बहते दिख रहे हैं।

इलियाना ने लिखा, “आज एक ऐसा पल था जो मैंने पहले कभी वर्कआउट के बाद नहीं लिया था। मैं भावुक हो गई और थोड़ा रो भी दी। वजह? स्ट्रेचिंग और कूल-डाउन के आखिरी में ट्रेनर ने कहा, ‘अब अपने हाथों को अपनी तरफ रखें और बस खुद को गले लगा लें। अपने शरीर को धन्यवाद कहें कि यह आपके लिए काम करता है।’ और उनकी इस बात ने मुझ पर बहुत गहरा असर डाला। यह अब तक का सबसे प्यारा एहसास था। इसे आजमाएं और देखें कि आप कैसा महसूस करते हैं।” इलियाना को आखिरी बार ‘द बिग बुल’ में देखा गया था। वे अब रणदीप हुड्डा के साथ ‘अनफेयर एंड लवली’ में नजर आएंगी।