मां और मामा ने नव्या को ऐसे किया बर्थडे विश, ऋतिक ने ‘विक्रम वेधा’ का अबु धाबी शेड्यूल किया पूरा

सदी के महानायक अमिताभ बच्चन की नातिन नव्या नवेली नंदा सोमवार (6 दिसंबर) को अपना जन्मदिन मना रही हैं। नव्या 24 साल की हो गईं। इस मौके पर नव्या को फैंस सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर बर्थडे की शुभकामनाएं दे रहे हैं। मां श्वेता बच्चन नंदा ने आधिकारिक इंस्टग्राम हैंडल पर नव्या के बचपन की तस्वीर शेयर कर उन्हें विश किया। फोटो में श्वेता नन्हीं नव्या को गोद में लेकर निहार रही हैं, जबकि नव्या अपने हाथ से एक ओर इशारा करती दिख रही हैं। श्वेता ने कैप्शन लिखा, जन्मदिन मुबारक हो नव्या। आप जहां भी जाएं अपनी रोशनी से उस जगह को रोशन कर दें। इस फोटो पर कई बॉलीवुड सेलेब्स ने कमेंट कर नव्या को बधाई दी है।

एक्ट्रेस नेहा धूपिया ने लिखा, हैप्पी बर्थडे नव्या.. श्वेता आपको गर्व होना चाहिए.. वो बहुत खूबसूरत और स्मार्ट है। उसके अंदर सभी चीजें अद्भुत हैं और आपने उसकी मां के रूप में बहुत अच्छा काम किया है। महीप कपूर और सुहाना खान ने कमेंट कर अपनी दोस्त नव्या को शुभकामनाएं दीं। नव्या के मामा अभिषेक बच्चन ने इंस्टाग्राम पर एक फोटो शेयर कर अपनी भावनाएं जाहिर कीं। फोटो में नव्या व्हाइट ड्रेस में दिख रही हैं। अभिषेक ने लिखा, मेरी प्यारी नव्या को जन्मदिन की बधाई इसलिए आप जिस महिला के रूप में बड़ी हुई हैं, उस पर गर्व है और मुझे तुमसे बहुत प्यार है।

विक्रम वेधा में ऋतिक के साथ सैफ की भी है अहम भूमिका

ऋतिक रोशन ने अबु धाबी में अपकमिंग फिल्म विक्रम वेधा का शूटिंग शेड्यूल पूरा कर लिया है। साथ ही अभिनेता सैफ अली खान ने लखनऊ में इसकी शूटिंग शुरू कर दी है। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने सोमवार को अपने सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी। अबु धाबी में 27 दिन तक शूटिंग चली थी। विक्रम वेधा तमिल की सुपरहिट फिल्म विक्रम वेधा का ही हिंदी रीमेक है, जिसमें आर माधवन और विजय सेतुपति मुख्य किरदारों में थे। अब इस फिल्म के हिंदी रीमेक में सैफ और ऋतिक मुख्य किरदार निभाने वाले हैं।

इसके अलावा अभिनेत्री राधिका आप्टे भी फिल्म का हिस्सा होंगी जो कि एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। तमिल वर्जन का डायरेक्शन करने वाली डायरेक्टर जोड़ी पुष्कर और गायत्री ही हिंदी वर्जन को भी डायरेक्ट कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह फिल्म 30 सितंबर 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म एक सख्त पुलिस अधिकारी की कहानी बताती है जो एक समान रूप से सख्त गैंगस्टर का पता लगाने और उसे मारने के लिए निकल पड़ता है।