2 News : इमरान के साथ ‘मर्डर 2’ में काम कर चुकीं एक्ट्रेस बनने वाली हैं मां, इस एक्टर को भारी पड़ा इफ्तार का आयोजन

इमरान हाशमी की फिल्म ‘मर्डर 2’ में रेशमा का रोल निभाने वालीं एक्ट्रेस सुलग्ना पाणिग्रही के फैंस के लिए खुशखबरी है। सुलग्ना और उनके पति कॉमेडियन बिस्वा कल्याण रथ शादी के 4 साल बाद अपने पहले बेबी का वेलकम करने वाले हैं। सुलग्ना टीवी सीरियल से लेकर फिल्मों में नजर आ चुकी हैं। सुलग्ना ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो शेयर कर प्रेग्नेंसी अनाउंस की है। कपल ने न सिर्फ अपनी खुशी को साझा किया, बल्कि अपने फैंस को एक हल्के-फुल्के अंदाज में यह खुशखबरी दी है।

सुलग्ना ने कैप्शन में लिखा, “बहुत जल्द…या तो इस वित्तीय वर्ष में या अगले वित्तीय वर्ष में।” जो वीडियो शेयर किया है, उसमें कपल ने अपने चार साल की शादी की झलकियां दिखाई है और फिर आखिर में एक्ट्रेस बेबी बंप के साथ दिखाई दे रही हैं। कपल की प्रेग्नेंसी अनाउंसमेंट के बाद कमेंट बॉक्स पर सेलेब्स और फैंस बधाई दे रहे हैं। सुलगना और बिस्वा ने 9 दिसंबर 2020 को कोविड-19 के दौरान शादी की थी। कोविड के चलते इस कपल ने अपनी शादी बेहद निजी तरीके से की थी, जिसमें सिर्फ करीबी परिवार और दोस्तों को ही आमंत्रित किया गया था।

उनकी शादी की अनाउंसमेंट भी सोशल मीडिया के जरिए हुई थी, जिसमें दोनों ने अपनी शादी की तस्वीरें शेयर की थीं। सुलग्ना को हाल ही में अनुपम खेर के साथ फिल्म ‘विजय 69’ में भी अहम रोल में देखा गया था। इसके अलावा ‘अम्बर-धारा’ और ‘विद्रोही’ जैसे शो से सुलग्ना को घर-घर में पहचान मिली थी। सुलग्ना के खाते में फिल्म ‘अफसोस’ और ‘रेड’ भी हैं।
विजय थलापति के खिलाफ चेन्नई में दर्ज हुई शिकायत, मुस्लिमों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप

साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार विजय थलापति फैंस के बीच काफी लोकप्रिय हैं। उन्होंने बीते दिनों मुसलमान भाइयों के लिए इफ्तार का आयोजन किया था। इस दौरान उन्होंने खुद रोजा भी रखा था। इस मौके पर भारी संख्या में लोग जमा हुए थे जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। अब विजय पर मुसलमानों का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ चेन्नई में शिकायत दर्ज कराई गई है।

न्यूज 18 की रिपोर्ट के अनुसार तमिलनाडु के सुन्नत जमात के सैयद कोस ने ही चेन्नई पुलिस आयुक्त कार्यालय में एक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और उन्होंने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि विजय ने मुस्लिम की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। एक्टर द्वारा आयोजित इफ्तार में शराबी और उपद्रवी भी शामिल हुए थे, जिनका रोजा से कोई लेना-देना नहीं है। वह ऐसा करके समुदाय का अपमान करते हैं। इफ्तार में कई चीजों का अभाव था। इफ्तार में पूरा ध्यान नहीं रखा गया।

काम को लेकर बात करें तो विजय आखिरी बार साल 2024 की फिल्म ‘द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम’ में नजर आए थे। अब वे ‘जन नायकन’ में नजर आएंगे, जो कि उनकी आखिरी फिल्म बताई जा रही है। पिछले साल ही उन्होंने अपनी राजनीतिक पार्टी तमिलगा वेट्री कजगम (TVK) की घोषणा की थी।