मुनमुन दत्ता ने कहा, न तो मैंने सगाई की और न मैं मां बनने वाली हूं, इधर-राज अनादकट ने शेयर किया यह वीडियो

हाल ही 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' की ‘बबीताजी’ यानी एक्ट्रेस मुनमुन दत्ता और शो के साथी कलाकार ‘टप्पू’ यानी राज अनादकट की सगाई की खबरें खूब फैलीं। इसके बाद ये भी कहा जाने लगा कि मुनमुन प्रेग्नेंट हैं। लोग कयास लगाने लगे कि प्रेग्नेंसी की वजह से ही शायद मुनमुन ने जल्दबाजी में और गुपचुप तरीके से राज संग सगाई कर ली। बात बहुत ज्यादा बढ़ने पर मुनमुन ने इन खबरों को फर्जी करार दिया। TOI को दिए एक इंटरव्यू में मुनमुन ने इन सभी बातों पर चुप्पी तोड़ी।

अब मुनमुन ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक पोस्ट साझा की है। इसे देखने के बाद साफ समझ में आ रहा है कि वह अफवाह फैलाने वालों के मुंह पर करारा तमाचा जड़ रही हैं। मुनमुन ने लिखा कि कैसे फर्जी खबरें जंगल की आग की तरह फैल जाती हैं। और फिर बूमरैंग की तरह वापस आती हैं। सीधे बात करूं तो न तो मैंने सगाई की है, और न ही शादी की है।

न ही मैं मां बनने वाली हूं। साथ ही अगर मैं कभी भी शादी करूंगी, चाहे छोटे शख्स से या फिर बड़े शख्स से..मैं गर्व के साथ बताऊंगी। ये मेरे बंगाली जीन्स हैं। हमेशा गौरवान्वित और बहादुर। अब और फेक चीजों पर अपनी एनर्जी वेस्ट नहीं करनी है। लाइफ की बेहतर चीजों के लिए मूव ऑन करना बेहतर है। जय मां दुर्गा।

स्टेडियम में क्रिकेट मैच का मजा लेते दिखे राज अनादकट

बता दें कि इससे पहले साल 2021 में दोनों के रिलेशन की खबरें आई थीं। ऐसा कहा जा रहा था दोनों के रिलेशन के बारे में सेट पर सभी को पता है। हालांकि तब भी दोनों एक्टर्स ने इन्हें बकवास बताया था। उल्लेखनीय है कि मुनमुन सोशल मीडिया पर हमेशा एक्टिव रहती हैं और फैंस के लिए अपनी तस्वीरें शेयर करती रहती हैं। अब सगाई की अटकलों और क्लेरिफिकेशन के बाद राज ने भी एक वीडियो शेयर किया है।

इसमें वह क्रिकेट के प्रति अपने प्यार का इजहार करते नजर आए। जब वह मैच देखने के लिए स्टेडियम गए तो उनके हाथ में बल्ला था। राज ने कैप्शन में लिखा, “यह कितना शानदार मैच था…चेन्नई सिंगम्स…ISPL में अपने शानदार प्रदर्शन से इसे हासिल किया। अपने शानदार वाइब्स के साथ हर पल का आनंद लिया!” वीडियो में राज इधर-उधर घूमते और मस्ती करते दिख रहे हैं। राज TMKOC शो 2022 में छोड़ चुके हैं।