क्या ‘बबीताजी’ ने छोड़ दिया है तारक मेहता का उल्टा चश्मा शो? इस बात से मिल रहे हैं ये संकेत!

सब टीवी पर प्रसारित होने वाला सीरियल तारक मेहता का उल्टा चश्मा 13 साल से भी ज्यादा समय से दर्शकों का मनोरंजन करता आ रहा है। शो का हर किरदार लोगों के दिलो-दिमाग में रच-बस गया है। इन्हीं किरदारों में से एक इंटरेस्टिंग किरदार है ‘बबीताजी’ का। एक्ट्रेस मुनमुन दत्ता ने ग्लैमर और खूबसूरती का तड़का लगाते हुए इस रोल को बखूबी निभाया है। जेठालाल (दिलीप जोशी) अक्सर उनके साथ फ्लर्ट करते दिखते हैं। मुनमुन हमेशा सुर्खियों में रहती हैं, लेकिन वे कुछ दिनों से सेट से गायब हैं। ऐसे में अटकलें लगाई जा रही हैं कि कहीं उन्होंने शो छोड़ तो नहीं दिया।

शो दमन से फिर मुंबई हो चुका है शिफ्ट

उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र में कोविड-19 के बढ़ते केस के चलते सेट को दमन शिफ्ट किया गया था। अब करीब एक महीने से फिर से मुंबई में शूटिंग शुरू हो गई है। खास बात ये है कि कई दिनों से मुनमुन के इर्द-गिर्द स्टोरीलाइन नहीं लिखी गई है। स्पॉटबॉय की रिपोर्ट के मुताबिक मुनमुन तब से सेट पर नहीं गई हैं जब से वे कंट्रोवर्सी का हिस्सा बनी हैं। दरअसल मुनमुन ने अपने एक वीडियो में जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल किया था जिसकी वजह से वे हर ओर से घिर गई थीं। जब मुनमुन से शो छोड़ने के बारे में पूछने की कोशिश की गई तो वे उपलब्ध नहीं थीं। रिपोर्ट्स की माने तो उन्होंने शो को गुड बाय कहने का फैसला ले लिया है।

मुनमुन को भारी पड़ गया था जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल

मुनमुन ने कुछ माह पहले सोशल मीडिया पर एक मेकअप ट्यूटोरियल शेयर किया था, जिसमें उन्होंने जातिसूचक शब्द का प्रयोग किया था। इससे मुनमुन को लेने के देने पड़ गए। उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और उन्हें खूब ट्रोल किया गया। ट्रोल होने के बाद मुनमुन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करके माफी भी मांगी थी। उन्होंने कहा था कि मुझसे गलती से इस शब्द का इस्तेमाल हो गया था। मुझे इस शब्द का मतलब नहीं पता था। मैं किसी की भावनाएं आहत नहीं करना चाहती थीं। मुनमुन के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। सुप्रीम कोर्ट ने आपराधिक कार्यवाही पर रोक लगा मुनमुन को राहत दे दी है।