
मल्टीस्टारर कॉमेडी फिल्म 'हाउसफुल 5' आज शुक्रवार (6 जून) को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। इसे साजिद नाडियाडवाला ने प्रोड्यूस किया है, जबकि तरुण मनसुखानी डायरेक्टर हैं। फिल्म में अक्षय कुमार, रितेश देशमुख, अभिषेक बच्चन, चंकी पांडे, संजय दत्त, नाना पाटेकर, नरगिस फाखरी, जैकलीन फर्नांडिस, चित्रांगदा सिंह, जॉनी लीवर और फरदीन खान समेत कई एक्टर हैं। फिल्म का गाना 'लाल परी' इन दिनों खूब सुर्खियां बटोर रहा है। इस बीच मेकर्स ने गाने का एक मजेदार बिहाइंड द सीन (BTS) वीडियो शेयर किया है।
इसमें अभिषेक फर्श पर लेटकर मशहूर डांसर व एक्ट्रेस नोरा फतेही के अंदाज में 'हाए गर्मी' गाने का हुक स्टेप करते नजर आ रहे हैं। जैसे ही अभिषेक का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया तो फैंस से लेकर उनके पिता अमिताभ बच्चन ने भी इस पर अपना रिएक्शन दिया। बिग बी ने इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स (ट्विटर) पर शेयर करते हुए लिखा, “T 5402..हाहाहा..यह कितना मजेदार है।” इससे पहले भी अमिताभ ने अभिषेक के एक ट्वीट को रीशेयर करते हुए ‘हाउसफुल 5′ को लेकर अपना उत्साह व्यक्त किया था। अमिताभ ने लिखा, “शायद पूरी दुनिया में सिनेमाघरों में हाउसफुल का कब्जा रहेगा, बहुत सारा प्यार।”
उन्होंने अभिषेक को ‘भय्यू’ कहकर संबोधित किया और उनके लिए दुआएं भी मांगीं। गौरतलब है कि अभिषेक इस फ्रेंचाइजी में वापसी कर रहे हैं। वे ‘हाउसफुल 3’ (2016) का भी हिस्सा थे, जिसमें उन्होंने अक्षय और रितेश के साथ काम किया था। वे ‘हाउसफुल 4’ में नहीं थे। अभिषेक को फिल्म के लिए कथित तौर पर 10 करोड़ रुपए फीस मिली है। रिपोर्ट्स के अनुसार ‘हाउसफुल 5’ में दो अलग-अलग क्लाइमैक्स रखे गए हैं। यानी दर्शकों को फिल्म का पूरा लुत्फ लेने के लिए इसे दो बार देखने का मौका मिल सकता है या अलग-अलग वर्जन दिखाए जा सकते हैं। यह एक अनोखा प्रयोग है, जिसे लेकर दर्शक उत्सुक हैं।
हाल ही सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी राजकुमार और वामिका की फिल्म ‘भूल चूक माफ’राजकुमार राव और वामिका गब्बी की कॉमेडी मूवी 'भूल चुक माफ' 23 मई को सिनेमाघरो में रिलीज हुई थी। फिल्म फैंस को पसंद आई और अभी बॉक्स ऑफिस पर बढ़िया बिजनेस कर रही है। इस बीच अमेजन प्राइम वीडियो ने फिल्म की एक्सक्लूसिव ग्लोबल स्ट्रीमिंग प्रीमियर की घोषणा की है। फिल्म आज शुक्रवार (6 जून) से प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होने जा रही है, भारत ही नहीं, बल्कि 240 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में एक साथ। प्राइम वीडियो पर राजकुमार और वामिका ने दिलचस्प तरीके से यह ऐलान किया।
फिल्म की कहानी बनारस के रंजन (राजकुमार राव) की है। वह एक ऐसा लड़का है जो प्यार में डूबा हुआ है। उसे सरकारी नौकरी मिलती है और वो अपनी बचपन की मोहब्बत तितली (वामिका) से शादी करने का सपना देखता है। लेकिन इस खुशी-खुशी में वो एक जरूरी वादा भूल जाता है। फिर तो किस्मत भी नाराज हो जाती है और चालें चलने लगती है। इसके बाद शुरू होती है एक मजेदार जर्नी। बनारस की गलियों में सेट यह कहानी रोचक भी है और दिल छू लेने वाली भी।
यह फिल्म दिनेश विजन द्वारा प्रजेंट की जा रही है, जो अमेजन MGM स्टूडियोज के साथ मिलकर बनी है। यह मैडॉक फिल्म्स का प्रोडक्शन है, जिसका निर्देशन करण शर्मा ने किया है, जबकि शर्मा और हैदर रिजवी ने इसे लिखा है। इसमें धनश्री वर्मा, संजय मिश्रा और रघुवीर यादव की भी अहम भूमिका है। देसी अंदाज की हल्की-फुल्की ह्यूमर, थोड़ी सी आध्यात्मिक अफरातफरी और टाइम-लूप वाला ट्विस्ट इस कहानी को और भी मजेदार बना देता है।