धनुष के साथ अफेयर को लेकर लगातार लगाई जा रहीं अटकलों पर मृणाल ठाकुर ने तोड़ी चुप्पी, एक्ट्रेस ने कही यह बात

एक्ट्रेस मृणाल ठाकुर और धनुष को लेकर पिछले दिनों खबरें आई थीं कि दोनों एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। दोनों को कुछ मौकों पर पार्टी और स्क्रीनिंग में साथ देखा गया। फिर कहा गया कि मृणाल इंस्टाग्राम पर धनुष की बहनों को भी फॉलो करती हैं। अब इन अफवाहों पर मृणाल की ओर से रिएक्शन सामने आई है। उन्होंने इस रिश्ते का सच बताया है। मृणाल ने ओनली कॉलीवुड से बात की। इस दौरान उन्होंने रिलेशनशिप रूमर्स पर चुप्पी तोड़ी और इन्हें सिरे से नकारते हुए झूठ बताया। मृणाल ने कहा कि धनुष सिर्फ मेरे अच्छे दोस्त हैं। मैं जानती हूं कि हम दोनों के साथ होने के बारे में कई तरह की न्यूज फैलाई जा रही हैं।

मैंने जब उन्हें देखा तो मुझे ये काफी फनी लगीं। मृणाल ने इन खबरों को मजाकिया बताया और कहा कि इनमें कोई सच्चाई नहीं है। मृणाल ने ये भी साफ किया कि हाल ही सिनेमाघरों में रिलीज हुई उनकी मूवी ‘सन ऑफ सरदार 2’ के प्रीमियर में धनुष उनकी गेस्ट लिस्ट में शामिल नहीं थे। बल्कि वे फिल्म के लीड एक्टर अजय देवगन के बुलावे पर स्क्रीनिंग का हिस्सा बने थे।

उल्लेखनीय है कि मृणाल और धनुष की जोड़ी पहली बार तब लाइमलाइट में आई जब अभिनेत्री को ‘तेरे इश्क में’ की रैप-अप पार्टी में साउथ इंडियन स्टार के साथ देखा गया। इसके बाद धनुष को मृणाल की बर्थडे पार्टी और फिर ‘सन ऑफ सरदार 2’ की स्क्रीनिंग में देखा गया। उनकी साथ में एक वीडियो क्लिप भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई। इसके बाद यूजर्स और मीडिया उनके रिश्ते को लेकर अटकलें लगाने लगे।
धनुष का साल 2024 में ऐश्वर्या रजनीकांत से हो चुका है तलाक

धनुष की पर्सनल लाइफ की बात करें तो उन्होंने सुपरस्टार रजनीकांत की बेटी फिल्ममेकर ऐश्वर्या रजनीकांत के साथ शादी की थी। साल 2022 में दोनों ने अलग होने का फैसला किया और साल 2024 में उनका ऑफिशियली तलाक हो गया। इस शादी से उनके दो बच्चे लिंगा और यात्रा हैं। धनुष का तलाक के बाद से ही किसी ना किसी एक्ट्रेस के साथ नाम जोड़ा जा रहा है। मृणाल से पहले ऐश्वर्या से अलग होने के दौरान ही उनका नाम साउथ एक्ट्रेस मीना सागर के साथ जुड़ा था। हालांकि इस पर मीना ने सामने आकर स्थिति साफ कर तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया था।

धनुष जल्द ही साउथ फिल्म ‘इडली कढई’ और आनंद एल रॉय की हिंदी फिल्म ‘तेरे इश्क में’ से एक्टिंग का जादू बिखेरेंगे। दूसरी ओर मृणाल की बात करें तो धनुष से पहले उनका नाम पॉपुलर सिंगर व रैपर बादशाह और एक्टर सिद्धांत चतुर्वेदी से भी जोड़ा जा चुका है। मृणाल के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो उनकी आने वाली फिल्मों में ‘है जवानी तो इश्क होना है’, ‘तुम हो तो’ और ‘पूजा मेरी जान’ शामिल हैं।