2 News : इस एक्ट्रेस ने डायरेक्टर के दबाव में किए ऐसे सीन, अली ने जैस्मिन के सामने रखी थी यह शर्त

साउथ इंडियन एक्ट्रेस मोहिनी जब चरम पर थीं तो उन्हें समकालीन कई बड़े सितारों के साथ काम करने का मौका मिला। उन्होंने शिवाजी गणेशन, चिरंजीवी, ममूटी, मोहनलाल, बालकृष्ण और विक्रम जैसे दिग्गज कलाकारों के साथ फिल्में कीं। खास बात ये है कि मोहिनी हर किरदार में फिट हो जाती थीं फिर वह चाहे गांव की लड़की हो या शहर की मॉडर्न लड़की। हालांकि इस दौरान उन्हें एक अनुभव हुआ जिसे याद कर वह आज भी असहज हो जाती हैं। साल 1994 में आई डायरेक्टर आरके सेल्वमणि की मूवी 'कनमणी' में मोहिनी ने प्रशांत के साथ काम किया था। उनकी एक्टिंग को खूब सराहा गया, लेकिन फिल्म कहानी से ज्यादा 'उडल ताझुवा' गाने के लिए चर्चाओं में रही।

गाना ग्लैमरस और बोल्ड अंदाज में फिल्माया गया था। मोहिनी ने खुलासा किया है कि वह यह सीन नहीं करना चाहती थीं, लेकिन उन पर दबाव बनाया गया। मोहिनी ने कहा कि डायरेक्टर ने स्विमिंग सूट सीन की प्लानिंग की थी, जिससे मैं बेहद अनकंफर्टेबल थीं। शूटिंग के दौरान मैंने इसके लिए साफ इंकार कर दिया। मैं रोने लगीं और आधे दिन तक शूट रुक गया। मैंने ये भी समझाने की कोशिश की कि मुझे तैरना तक नहीं आता और ऐसे में आधे कपड़ों में स्विमिंग सीखना पॉसिबल नहीं था।

उस समय महिला इंस्ट्रक्टर भी नहीं हुआ करती थीं इसलिए ये सीन करना बेहद मुश्किल था। मुझे मजबूरी में उस गाने का हिस्सा बनना पड़ा। मैंने आधे दिन शूटिंग की और जैसे-तैसे सीन पूरा किया लेकिन जब वही सीन दोबारा ऊटी में करने के लिए कहा गया तो मैंने साफ मना कर दिया। मैंने टीम से कहा कि अगर शूट आगे नहीं बढ़ेगा तो ये उनकी समस्या है, मेरी नहीं। 'कनमणी' मेरी जिंदगी की इकलौती फिल्म रही, जिसमें मर्जी के बिना इतने ग्लैमरस सीन देने पड़े। मेरा रोल बेहद खूबसूरत और चुनौतियों से भरा था, जो बुरी याद बन गया।

लोगों ने मेरे अभिनय से ज्यादा उस गाने पर ध्यान दिया। कभी-कभी इंसान को मर्जी के खिलाफ भी काम करना पड़ता है और मेरे लिए ये गाना वही एक्सपीरियंस रहा। यही वजह है कि इस फिल्म को लेकर मेरे मन में कड़वाहट है। बता दें मोहिनी ने अक्षय कुमार के साथ हिंदी फिल्म 'डांसर' (1991) में भी लीड रोल निभाया था। हालांकि फिल्म फ्लॉप हो गई थी। मोहिनी पिछले 14 साल से बड़े पर्दे से दूर हैं।
कई सालों से रिलेशनशिप में हैं अली गोनी और जैस्मिन भसीन

एक्ट्रेस जैस्मिन भसीन और एक्टर अली गोनी ने इस साल अपने रिश्ते को एक नया मोड़ देते हुए एक ही छत के नीचे रहने का फैसला लिया। अली और जैस्मिन कई सालों से रिलेशनशिप में हैं और साल 2018 से एक-दूसरे को जानते हैं। जब साथ रहने की बात आई तो अली ने जैस्मिन के सामने एक शर्त रख दी। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में अली ने बताया कि जब हमने साथ रहना शुरू किया तो सबसे बड़ा बदलाव यह आया कि हमारे अपने-अपने कमरे हैं।

यह मेरी शर्त थी कि मुझे अपना स्पेस चाहिए और यही सबसे अच्छा फैसला साबित हुआ। जैस्मिन जब से मेरी जिंदगी में आई है मैं बहुत शांत हुआ हूं। पहले मैं बहुत जल्दी गुस्सा हो जाता था। उसके साथ होने से मुझे ताकत मिलती है। जैस्मिन मेरी जिंदगी में इतनी जरूरी हो गई है कि मुझे लगता है कि अगर मैं नहीं भी रहा तो वो मेरे परिवार का ध्यान रख लेगी। बता दें जैस्मिन न सिर्फ अली की पार्टनर हैं, बल्कि उन्होंने उनके घर के इंटीरियर को भी बेहद खूबसूरती से डिजाइन किया है।

ई-टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में जैस्मिन ने बताया था कि ‘बिग बॉस’ के बाद ही उन्होंने तय कर लिया था कि वह अली के साथ रहेंगी। उन्होंने याद किया कि जब हम घर ढूंढ़ रहे थे, अली ने मुझे अपना सपना बताया था कि उनका घर सफेद इंटीरियर वाला हो। उस समय हमने यह प्लान छोड़ दिया था, लेकिन मैंने ठान लिया था कि जब भी हमारा घर बनेगा, मैं इसे उसी सपने के मुताबिक डिजाइन करूंगी। पिछले कुछ महीनों से मैं इसी पर काम कर रही थी। शिफ्टिंग से पहले अली ने अपने व्लॉग में पुराने अपार्टमेंट की झलक दिखाई थी।