जब भी बॉलीवुड में फिटनेस आइकॉन की बात होती है, तो अभिनेता और सुपरमॉडल मिलिंद सोमन का नाम सबसे पहले लिया जाता है। 60 साल की उम्र में भी जिस तरह की फिटनेस, ऊर्जा और अनुशासन वह दिखाते हैं, वह युवाओं के लिए किसी प्रेरणा से कम नहीं है। अब एक बार फिर मिलिंद सोमन ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। उन्होंने यूरोप से अफ्रीका तक समुद्र में तैरकर एक बेहद कठिन ओपन-वॉटर स्विमिंग चैलेंज पूरा किया है।
मिलिंद ने जिब्राल्टर जलडमरूमध्य (Strait of Gibraltar) को पार करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। इस चुनौतीपूर्ण सफर की जानकारी उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए फैंस के साथ साझा की, जिसके बाद इंटरनेट पर उनकी फिटनेस और जज्बे की जमकर तारीफ हो रही है।
जिब्राल्टर जलडमरूमध्य पार कर रचा नया रिकॉर्डमिलिंद सोमन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ तस्वीरें और पोस्ट शेयर किए हैं। इन तस्वीरों में वह समुद्र की ऊंची लहरों के बीच तैरते और बाद में रिलैक्स करते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि 1 मई को उन्होंने यूरोप से अफ्रीका तक जिब्राल्टर जलडमरूमध्य को तैरकर पार किया।
उन्होंने बताया कि यह सफर स्पेन के तारिफा (Tarifa) से मोरक्को के तट तक लगभग 15 किलोमीटर की दूरी का था। मिलिंद ने इसे बेहद खूबसूरत और यादगार अनुभव बताया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वह जल्द ही इस पूरी यात्रा से जुड़ा विस्तृत अनुभव अपने फैंस के साथ साझा करेंगे।
60 की उम्र में भी युवाओं जैसी एनर्जीमिलिंद सोमन लंबे समय से अपनी फिटनेस और हेल्दी लाइफस्टाइल को लेकर चर्चा में रहते हैं। उम्र के इस पड़ाव पर भी उनकी फुर्ती और स्टैमिना लोगों को चौंका देता है। वह अपनी फिटनेस को बनाए रखने के लिए बेहद अनुशासित दिनचर्या का पालन करते हैं।
सोशल मीडिया पर अक्सर उनके रनिंग, पुशअप्स और एडवेंचर एक्टिविटीज के वीडियो वायरल होते रहते हैं। खास बात यह है कि केवल मिलिंद ही नहीं, उनकी 85 वर्षीय मां ऊषा सोमन भी फिटनेस को लेकर काफी सक्रिय रहती हैं। मां-बेटे के साथ पुशअप्स करते वीडियो को लोगों ने काफी पसंद किया था।
सिंपल लाइफस्टाइल और नेचुरल फिटनेस पर फोकसमिलिंद सोमन का मानना है कि फिट रहने के लिए महंगे जिम या सप्लीमेंट्स जरूरी नहीं हैं। वह प्रकृति के बीच रहकर एक्टिव लाइफ जीना पसंद करते हैं। रोजाना नंगे पैर दौड़ना, घर पर वर्कआउट करना और नियमित रनिंग उनकी दिनचर्या का हिस्सा है।
इसके अलावा वह ठंडे पानी से नहाना पसंद करते हैं और खुद को प्राकृतिक तरीके से फिट रखने पर जोर देते हैं। खाने-पीने की बात करें तो मिलिंद बेहद साधारण लेकिन पौष्टिक भोजन लेते हैं। उनकी डाइट में हाई फाइबर और प्रोटीन से भरपूर चीजें शामिल रहती हैं।
भीगे चने और बादाम से रखते हैं खुद को फिटमिलिंद सोमन महंगे प्रोटीन शेक्स और फैंसी स्मूदी की बजाय पारंपरिक और घरेलू खानपान को प्राथमिकता देते हैं। उन्हें नाश्ते में भीगे हुए चने और बादाम खाना पसंद है। इसके अलावा हल्का और संतुलित भोजन उनकी फिटनेस का बड़ा राज माना जाता है।
उनकी जीवनशैली यह साबित करती है कि सही खानपान, नियमित एक्सरसाइज और अनुशासन के दम पर किसी भी उम्र में खुद को फिट और एक्टिव रखा जा सकता है।