मीका सिंह ने कोरोना प्रभावित लोगों के लिए शुरू किया लंगर, 1000 से ज्यादा लोगों को खिला रहे खाना

कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने लोगों की कमर पूरी तरह तोड़ दी है। कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लगाया गया लॉकडाउन के चलते लोग अब खाने को तरस रहे है। ऐसे में बॉलिवुड की कई हस्तियाँ लोगों की मदद के लिए सामने आई है। सलमान खान पहले ही कोरोना फ्रंटलाइन वॉरियर्स के लिए खाने का इंतजाम कर रहे हैं। अब इस लिस्ट में सिंगर मीका सिंह का भी नाम जुड़ गया है।

सिंगर मीका सिंह भी लोगों के लिए लंगर का आयोजन कर रहे हैं। पहले मीका सिंह ने यह लंगर दिल्ली में शुरू किया था। अब इसकी शुरुआत मुंबई शहर में भी कर दी गई है। मीका के इस लंगर में रोजाना 1 हजार लोगों को खाना खिलाया जा रहा है। मीका की टीम रोजाना सड़कों पर भूखे लोगों को खाना बांटती नजर आती है।

फरहान अख्तर ने एनजीओ से मिलाया हाथ

फरहान अख्तर भी एक एनजीओ के साथ मिलकर कोरोना से प्रभावित लोगों की मदद कर रहे है। फरहान अख्तर ने इस एनजीओ को डोनेशन दिया है जो कोरोना से प्रभावित परिवारों के लिए खाने का इंतजाम करने में खर्च किया जा रहा है। एनजीओ के सेक्रटरी ने बताया कि यह खाना न केवल कोरोना संक्रमित लोगों बल्कि बनारस में श्मशान घाटों हरिश्चंद्र और मणिकर्णिका में काम करने वाले लोगों को भी दिया जा रहा है।

सेक्रटरी ने बताया कि उनकी टीम के 8 लोग रोजाना बनारस शहर में 1 हजार थालियां बांट रहे हैं। इस थाली में दाल, चावल, रोटी, सलाद औरर बिस्किट होते हैं।