स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना के यूट्यूब शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में हाल ही रणवीर इलाहाबादिया ने पैरेंट्स के संबंधों को लेकर विवादित बयान दिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोग रणवीर-समय पर बरस पड़े। रणवीर का यह अश्लील कमेंट किसी को भी रास नहीं आया। हालांकि रणवीर ने माफी मांग ली है, लेकिन लोगों का गुस्सा शांत नहीं हो रहा। वे उनके खिलाफ सख्त एक्शन चाहते हैं। अब सिंगर मीका सिंह (47) ने भी रणवीर के विवादित कमेंट की निंदा करने के साथ सरकार को भी आड़े हाथों लिया है।
मीका ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो के जरिये भड़ास निकाली है। मीका ने कहा कि जो इस वक्त कन्ट्रोवर्सी चल रही है। समय रैना और रणवीर की। मैंने भी वो एपिसोड देखा है। बहुत ही वाहियात, बहुत ही अजीब किस्म की उसमें गालियां दे रहे हैं। मां-बहन की गालियां दे रहे हैं। कुछ भी बोल रहे हैं। ऑडियंस बेचारी एन्जॉय कर रही है। हम श्योर हैं कि उनके फैंस काफी होंगे और काफी फैंस को ये शो पसंद भी है। तो ये शो सिर्फ उनके लिए ही हो जो आपका शो पसंद करते हैं। लेकिन, कई बार क्या होता है कि सामने आप रील चलाते हो, यूट्यूब देखते हो तो ये सारा ही उनका एपिसोड आ जाता है।
यहां पर बहुत सारी वो गालियां देते हैं और एक लड़की भी उसमें थी। उसका नाम मुझे नहीं पता। वो भी बहुत गालियां दे रही थीं। गंदे-गंदे शब्दों का इस्तेमाल कर रही थीं। ठीक है तुम्हारा शो है। एंटरटेनिंग है। लेकिन मेरा गुस्सा इन बच्चों पर नहीं है, जो जुम्मा जुम्मा हिट हो रहे हैं। इसमें समीर, रणवीर हैं। मैं कभी इनके पॉडकास्ट या ऐसे शो पर जाता भी नहीं हूं। ज्यादातर मैं किसी पॉडकास्ट पर जाता नहीं हूं क्योंकि मुझे अपने बारे में बताने या मेरे गाने को प्रमोट करने के लिए मैं किसी शो पर जाऊं मुझे जरूरत नहीं लेकिन मुझे समस्या है, जो वहां पर जजेज जाते हैं या जो भी लोग वहां पर जाते हैं, जिनका अच्छा नाम है।
पता नहीं वो वहां पर क्या करने जाते हैं। क्या वाकई में वो बहुत इतना पैसा तुमको देते हैं, जो तुम मुंह उठाकर वहां बैठ जाते हो बहुत सारे मैंने मेरे भाई भी देखे जो सिंगर्स थे वो भी मुंह उठाकर वहां बैठे हुए हैं और चल रहीं मां-बहन की गालियां। कोई बात नहीं। मैं फिर से बोलूंगा कि मुझे इनसे गुस्सा नहीं।
मीका सिंह ने कहा, जब मेरा, दिलजीत दोसांझ या किसी बड़े सिंगर का शो होता है तो…मीका ने आगे कहा कि मुझे इनसे कोई गुस्सा नहीं है लेकिन इन पर रोक लगाने के लिए कोई ना कोई चाहिए जो इन्हें समझाए कि बेटा तुम अच्छा कर रहे हो लेकिन थोड़ा स्टॉप करो। चाहे उनके पैरेंट्स हैं या उनकी बहनें होंगी, रिश्तेदार होंगे जो उन्हें रोक सकते हैं। मुझे गुस्सा आता है जब मेरा शो होता है या दिलजीत दोसांझ का शो होता है या किसी भी बड़े सिंगर का शो होता है, बहुत सारे रिपोर्टर्स बकवास करना शुरू कर देते हैं।
बहुत से लोग देश की रक्षा करने आ जाते हैं कि तुम शराब पर गाना मत गाओ, पब्लिक शो पर ये मत करो वो मत करो। तुम लोगों को ऐसे गधे लोग नजर नहीं आते हैं। जैसे तुम सिंगर्स को सेलिब्रिटी को एकदम से नोटिस भेज देते हो तो आप क्या इन गधों को नहीं रोक सकते जो इतने टाइम से बकवास कर रहे हैं। आप लोग बस ये करते हो कि दिलजीत कोई बड़ा शो कर रहा है तो उस पर केस पर केस ठोक देते हो।
नोटिस भेज देते हो क्या आपको ये लोग नजर नहीं आते हैं जो खूब गालियां दे रहे हैं। इन लोगों को रोकना आपका फर्ज बनता है। इन्हें नोटिस भेजो। मीका ने ऑनलाइन प्लेटफार्मों पर सेंसरशिप की जरूरत भी बताई और युवा दर्शकों से अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने से परहेज करने की भी अपील की।