महेश मांजरेकर की पत्नी मेधा को कैंसर, भावुक पोस्ट में बयां किया इलाज का सफर; सर्जरी के बाद की तस्वीरों ने बढ़ाई फैन्स की चिंता

मराठी फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री और फिल्ममेकर महेश मांजरेकर की पत्नी मेधा मांजरेकर ने खुलासा किया है कि वह कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं। हाल ही में उन्हें इस बीमारी का पता चला, जिसके बाद उनका इलाज शुरू हुआ। मेधा ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए अपने उपचार के दौरान आए अनुभवों को साझा किया और उन सभी लोगों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने इस कठिन दौर में उनका साथ दिया। उन्होंने पोस्ट के साथ अस्पताल में इलाज के दौरान की कुछ तस्वीरें भी साझा कीं, जिन्हें देखकर उनके प्रशंसक भावुक हो गए।

मेधा ने अपनी पोस्ट में लिखा कि जैसे-जैसे उनके इलाज का एक महत्वपूर्ण चरण पूरा हो रहा है और उनका जन्मदिन भी करीब आ रहा है, वैसे-वैसे वह बीते महीनों को याद कर रही हैं। उन्होंने कहा कि वह अपनी बीमारी, सर्जरी, कीमोथेरेपी या रेडिएशन को याद नहीं करना चाहतीं, बल्कि उन खूबसूरत पलों को याद रखना चाहती हैं जिन्होंने इस कठिन समय में उन्हें संभाले रखा।

उन्होंने आगे लिखा कि पीछे मुड़कर देखने पर उन्हें महसूस होता है कि जो कुछ भी अच्छा हुआ, वह महज संयोग नहीं था। उनके मुताबिक, यह भगवान का उन्हें संभालने और उनका हाथ थामे रखने का तरीका था। मेधा ने कहा कि इस सफर ने उन्हें यह सिखाया कि ईश्वर हमेशा किसी चमत्कारी रूप में सामने नहीं आते, बल्कि कई बार डॉक्टरों, नर्सों, गुरुओं, परिवार, दोस्तों और यहां तक कि अनजान लोगों के रूप में भी हमारे जीवन में आते हैं और मुश्किल वक्त में सहारा बनते हैं।
इलाज के दौरान अपने अनुभव साझा करते हुए मेधा ने बताया कि कीमोथेरेपी के कारण जब उनकी भूख लगभग खत्म हो गई थी, तब भी उनके आसपास मौजूद लोगों ने उनका पूरा ख्याल रखा। उन्होंने लिखा कि हमेशा कोई न कोई ऐसा होता था, जिसे पता होता था कि वह क्या खा सकती हैं। कभी उनके लिए ढोकला आता, कभी मुलायम इडली, तो कभी गुलपापड़ी या पानी पूरी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ खाना नहीं था, बल्कि उसमें अपनों का स्नेह और अपनापन भी शामिल था, जिसने उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाए रखा।

मेधा की पोस्ट पर उनकी बेटी और अभिनेत्री साई मांजरेकर ने भावुक प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें Strongest Galllllll कहकर संबोधित किया। वहीं मराठी फिल्म जगत के कई प्रसिद्ध कलाकारों ने भी कमेंट कर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। अभिनेता स्वप्निल जोशी, अभिनेत्री नीना कुलकर्णी सहित कई सितारों ने उनके साहस की सराहना करते हुए उन्हें हिम्मत बनाए रखने का संदेश दिया।

अगर मेधा मांजरेकर के फिल्मी करियर की बात करें तो उन्होंने मराठी सिनेमा में कई यादगार फिल्मों में अभिनय किया है। 'काकस्पर्श', 'दे धक्का', 'नटसम्राट', 'जुना फर्नीचर' और हिंदी फिल्म 'दबंग 3' में भी उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा। साल 1995 में उन्होंने अभिनेता-निर्देशक महेश मांजरेकर से विवाह किया था और तब से दोनों फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित दंपतियों में गिने जाते हैं।

गौरतलब है कि यह परिवार पहले भी कैंसर जैसी चुनौती का सामना कर चुका है। वर्ष 2021 में महेश मांजरेकर को हाई-ग्रेड यूरिनरी ब्लैडर कैंसर का पता चला था। उस समय मुंबई में उनकी बड़ी सर्जरी हुई थी और सफल इलाज के बाद वह पूरी तरह स्वस्थ हो गए थे। उस कठिन दौर में मेधा ने पूरे परिवार को भावनात्मक रूप से संभालने में अहम भूमिका निभाई थी। अब जब खुद मेधा इस बीमारी से लड़ रही हैं, तो उनके प्रशंसक और शुभचिंतक उनके जल्द स्वस्थ होकर सामान्य जीवन में लौटने की कामना कर रहे हैं। हाल ही में मेधा फिल्म 'एक राधा एक मीरा' में नजर आई थीं।