मनोज बाजपेयी को बॉलीवुड के बेहतरीन अभिनेताओं में शुमार किया जाता है। वे अपनी कमाल की एक्टिंग से सबको अपना दीवाना बना लेते हैं। मनोज की जबरदस्त फैन फॉलोइंग है। वे अपने फैंस के लिए लगातार फिल्में लाते रहते हैं। हाल ही उनकी क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘इंस्पेक्टर जेंडे’ ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी जिस पर लोगों ने भरपूर प्यार लुटाया। इसमें जिम सर्भ, सचिन खेडेकर और गिरिजा ओक जैसे कलाकारों ने भी अहम भूमिकाएं निभाई हैं। आज शुक्रवार (12 सितंबर) को मनोज की फिल्म ‘जुगनुमा’ सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। इसमें दीपक डोबरियाल, प्रियंका बोस, हीरल सिद्धू, अवन पुकोट और तिलोत्तमा शोम भी हैं।
इस बीच मनोज ने बॉलीवुड में अपनी सक्सेस के बारे में बात की। इस दौरान मनोज ने बताया कि उनकी पत्नी एक्ट्रेस शबाना रजा को उनकी सफलता पर यकीन नहीं होता था। मनोज ने बॉलीवुड बबल को दिए इंटरव्यू में उन्हें मिली सफलता के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि मैं इतना सक्सेसफुल कैसे हूं, इसका राज मैं खुद भी नहीं समझ पाता हूं। मुझे लगता है कि कुछ तुक्का लग गया है। मेरी पत्नी ने मुझसे एक दिन चाय पीते हुए कहा था कि ये चमत्कार ही है कि आप अभी तक इस इंडस्ट्री में मौजूद हैं।
आप लोगों को नाराज करते रहते हैं, आप लगातार वो फिल्में कर रहे हैं जिसे उतना सेलिब्रेट नहीं किया जाता। इसके बावजूद आपको हर तरफ से रोल्स मिल रहे हैं, ये मिरेकल ही है। शबाना को लगता था कि मैं कुछ सालों में इंडस्ट्री से बाहर हो जाऊंगा और फिर हमें कहीं और शिफ्ट होना पड़ेगा। हालांकि ऐसा कुछ नहीं हुआ।
मनोज बाजपेयी की पत्नी शबाना रजा ने नेहा के नाम से की हैं कुछ फिल्मेंउल्लेखनीय है कि मनोज ने साल 2006 में शबाना के साथ शादी की, जिन्हें लोग उनके स्क्रीन नाम नाम नेहा से भी जानते हैं। शबाना ने बॉबी देओल के साथ फिल्म ‘करीब’ से बॉलीवुड में कदम रखा था और उसके बाद ‘फिजा’ व ‘होगी प्यार की जीत’ जैसी फिल्मों में नजर आईं। मनोज और शबाना की पहली मुलाकात साल 1998 में ‘सत्या’ के रिलीज होने के तुरंत बाद एक पार्टी में हुई थी।
कई सालों तक एक-दूसरे को समझने और साथ समय बिताने के बाद साल 2006 में उन्होंने एक निजी समारोह में विवाह किया। आज वे अपनी बेटी एवा नायला के माता-पिता हैं और खुशहाल पारिवारिक जीवन जी रहे हैं। बता दें मनोज ‘सत्या’, ‘सत्यमेव जयते’, ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’, ‘बागी 2’, ‘नाम शबाना’ सहित कई फिल्मों में अपनी एक्टिंग की चमक बिखेर चुके हैं। साथ ही ‘द फैमिली मैन’ उनकी सुपरहिट वेब सीरीज में से एक है। जल्द ही इसका तीसरा पार्ट आएगा।