2 News : मनोज ने बिहार चुनाव से जुड़े वीडियो को फेक बता की अपील, इस डायरेक्टर के साथ काम करना चाहते हैं अभिनेता

बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले हाल ही राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव के पैरोडी अकाउंट पर एक्टर मनोज बाजपेयी का एक वीडियो शेयर किया गया। इसमें वे पार्टी के समर्थन में दिख रहे थे। अब मनोज ने इस वीडियो को फेक बताया है और कहा कि वे किसी पार्टी के साथ नहीं हैं। मनोज ने अपने ट्वीट में लिखा, “मैं सार्वजनिक रूप से यह बताना चाहता हूं कि मेरा किसी पार्टी से जुड़ाव या लगाव नहीं है। जो वीडियो सर्कुलेट किया जा रहा है वो फेक है, मैंने अमेजन प्राइम वीडियो के लिए एक ऐड किया था जिसे छेड़छाड़ कर बनाया गया है। जो लोग भी इसे शेयर कर रहे हैं मैं उनसे अपील करता हूं कि ऐसा विकृत कॉन्टेंट ना फैलाएं। लोगों से अपील करता हूं कि ऐसे भ्रमित करने वाले कॉन्टेंट के चक्कर में ना पड़ें।”

मनोज ने उस वीडियो का लिंक भी शेयर किया है लेकिन ट्विटर पर उसे डिलीट किया जा चुका है। उल्लेखनीय है कि इन दिनों टेक्नोलोजी के दुरुपयोग की खबरें लगातार सामने आ रही है। AI की मदद से कई एक्टर्स की फोटो और वीडियो से छेड़छाड़ की जा रही है। गौरतलब है कि हाल ही में कई बॉलीवुड एक्टर्स और सिंगर्स ने अपने पर्सनलिटी और पब्लिसिटी राइट्स की सुरक्षा के लिए कोर्ट का रुख किया है। पर्सनलिटी राइट्स या पब्लिसिटी राइट्स किसी की इमेज, नाम या लुक को कंट्रोल और प्रोटेक्ट रखने का अधिकार है।

इसी हफ्ते दिल्ली हाईकोर्ट ने ऋतिक रोशन के पर्सनलिटी और पब्लिसिटी राइट्स को प्रोटेक्ट किया और कुछ आपत्तिजनक पोस्ट हटाने का आदेश दिया। वहीं, इससे पहले कोर्ट ने ऐश्वर्या राय बच्चन, अभिषेक बच्चन, करण जौहर और तेलुगु एक्टर अक्किनेनी नागार्जुन के पर्सनलिटी राइट्स भी सुरक्षित किए थे। मनोज के वर्क फ्रंट की बात करें तो वे पिछले दिनों नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई फिल्म 'इंस्पेक्टर जेंडे' में नजर आए थे। अब वे फिल्म 'पुलिस स्टेशन में भूत' में काम करते दिखाई देंगे। वहीं, मनोज की प्राइम वीडियो की वेब सीरीज 'द फैमिली मैन 3' का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है।
‘मैं खुद को ओम राउत जैसे डायरेक्टर के साथ काम करने के लिए करता रहता हूं कड़ी मेहनत’

मनोज ने बताया कि वे वीएफएक्स से भरी फिल्म में काम करना चाहते हैं। उन्हें इस बात का बिल्कुल भी अंदाजा नहीं है कि ग्रीन स्क्रीन के आगे एक्टिंग कैसे की जाती है। उन्हें बहुत लोगों ने बताया है कि ये एक चुनौती और तकनीक से भरा काम है। हिंदुस्तान टाइम्स की खबर के मुताबिक मनोज कहते हैं कि उन्होंने डाक्यूमेंट्री की होस्टिंग के अलावा कभी ऐसा काम नहीं किया है। ऐसे में ग्रीन स्क्रीन के आगे वीएफएक्स वाली फिल्मों में काम करना बेहद रोमांचक होगा।

मनोज ने बताया कि वे डायरेक्टर ओम राउत के पास जाते थे और उनकी फिल्मों में रोल मांगा करते हैं। वे खुद को एक स्ट्रगलर मानते हैं और उन्हें इस बात में कोई शर्मिंदगी महसूस नहीं होती। वे हमेशा से ही स्ट्रगल करते आए हैं और राउत जैसे बेहतरीन डायरेक्टर के साथ काम करने के लिए कड़ी मेहनत करते रहते हैं। वे हमेशा से ही एक अच्छे रोल और अच्छे डायरेक्टर के सेटअप का इंतजार करते रहते हैं। राउत उनसे इस बारे में बात तो करते रहते हैं, लेकिन मनोज को लगता है कि उनका मन कभी भी बदल सकता है और वो किसी दूसरे एक्टर को चुन सकते हैं।

मनोज मजाकिया अंदाज में कहते हैं कि राउत बांद्रा में रहते हैं इसलिए उनके आस-पड़ोस में बहुत से एक्टर्स हैं। बता दें राउत तकनीकी रूप से फिल्में बनाने के लिए मशहूर हैं। उन्होंने ‘तान्हाजी द अनसंग वॉरियर’, ‘लोकमान्य एक युगपुरुष’, ‘कलाम : भारत के मिसाइल मैन’, ‘आदिपुरुष’ जैसी फिल्में बनाई हैं। हाल ही में राउत ने बताया था कि वो मनोज को अपनी फिल्म में कास्ट करना चाहते हैं।