बॉक्स ऑफिस पर 12 जून को रिलीज हुई तीन बड़ी फिल्मों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला था। इसी दिन कंगना रनौत की 'भारत भाग्य विधाता', दिलजीत दोसांझ की 'मैं वापस आऊंगा' और विक्रम भट्ट की 'हॉन्टेड 3डी: इकोज ऑफ द पास्ट' सिनेमाघरों में उतरी थीं। एक साथ कई चर्चित फिल्मों की रिलीज के बावजूद दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला और तीनों फिल्मों ने अपनी-अपनी जगह बनाने की कोशिश की। हालांकि कमाई के मामले में इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी 'मैं वापस आऊंगा' ने लगातार मजबूत प्रदर्शन करते हुए खुद को रेस में बनाए रखा।
फिल्म ने शुरुआती दिनों से ही टिकट खिड़की पर अच्छी पकड़ बनाए रखी, लेकिन अब रिलीज के चौथे सप्ताह में इसकी कमाई की रफ्तार कुछ धीमी पड़ती दिखाई दे रही है। बुधवार के ताजा बॉक्स ऑफिस आंकड़े भी सामने आ चुके हैं, जिनसे साफ है कि फिल्म अब लाखों में कारोबार कर रही है। आइए जानते हैं कि रिलीज के 27 दिनों में फिल्म ने कुल कितना कारोबार किया है।
27वें दिन कमाई में आई गिरावटइम्तियाज अली के निर्देशन में बनी 'मैं वापस आऊंगा' को सिनेमाघरों में रिलीज हुए 27 दिन पूरे हो चुके हैं। फिल्म को शुरुआत से ही दर्शकों और समीक्षकों दोनों का सकारात्मक समर्थन मिला। दिलजीत दोसांझ समेत पूरी स्टारकास्ट के अभिनय की काफी सराहना हुई और फिल्म की कहानी भी दर्शकों को पसंद आई। इम्तियाज अली ने एक बार फिर अपने खास निर्देशन अंदाज से दर्शकों का दिल जीतने में सफलता हासिल की।
अगर बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात करें तो फिल्म ने पहले दिन 1.15 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी। अब Sacnilk की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने 27वें दिन करीब 0.60 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल नेट बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 59.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
'मैं वापस आऊंगा' का अब तक का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
समय - कमाईपहला सप्ताह
- 12.25 करोड़ रुपये
दूसरा सप्ताह
- 22.55 करोड़ रुपये
तीसरा सप्ताह
- 17.45 करोड़ रुपये
22वां दिन
- 1.05 करोड़ रुपये
23वां दिन
- 2.00 करोड़ रुपये
24वां दिन
- 2.20 करोड़ रुपये
25वां दिन
- 0.65 करोड़ रुपये
26वां दिन
- 0.75 करोड़ रुपये
27वां दिन
- 0.60 करोड़ रुपये
कुल नेट कलेक्शन 59.50 करोड़ रुपयेकई बड़ी फिल्मों के बीच कायम है पकड़'मैं वापस आऊंगा' में दिलजीत दोसांझ के साथ शरवरी, वेदांग रैना और नसीरुद्दीन शाह अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। रिलीज के पहले दिन से ही फिल्म का मुकाबला कंगना रनौत की 'भारत भाग्य विधाता' और विक्रम भट्ट की 'हॉन्टेड 3डी: इकोज ऑफ द पास्ट' जैसी फिल्मों से रहा।
इतना ही नहीं, सिनेमाघरों में पहले से वरुण धवन की 'है जवानी तो इश्क होना है' और राम चरण-जाह्नवी कपूर की 'पेड्डी' भी दर्शकों को आकर्षित कर रही थीं। इसके बाद अक्षय कुमार की 'वेलकम टू द जंगल', शाहिद कपूर की 'कॉकटेल 2' और हाल ही में रिलीज हुई आलिया भट्ट व शरवरी वाघ स्टारर 'अल्फा' ने भी बॉक्स ऑफिस की प्रतिस्पर्धा को और कड़ा बना दिया।
इन सभी बड़ी फिल्मों के बीच 'मैं वापस आऊंगा' ने अपनी मौजूदगी बनाए रखी है। हालांकि अब इसकी कमाई में गिरावट साफ दिखाई दे रही है, लेकिन इसके बावजूद फिल्म 60 करोड़ रुपये के आंकड़े के बेहद करीब पहुंच चुकी है और आने वाले दिनों में यह इस महत्वपूर्ण पड़ाव को पार कर सकती है।