एनिमेशन की दुनिया में तहलका मचाने वाली फिल्म ‘महावतार नरसिम्हा’ ने रिलीज़ के बाद से दर्शकों पर जादू सा चला दिया है। हर बीतते दिन के साथ फिल्म की कमाई में बढ़ोत्तरी देखी जा रही है और दर्शकों की दिलचस्पी दिन-ब-दिन गहराती जा रही है। इसने न सिर्फ अपनी दमदार कहानी से लोगों को बांधे रखा है, बल्कि अब यह कलेक्शन के मामले में ‘सैयारा’ जैसी फिल्मों से भी आगे निकलने लगी है। खास बात ये है कि जहाँ वीकडे में अधिकतर फिल्मों की कमाई घटती है, वहीं ‘महावतार नरसिम्हा’ हर दिन की कमाई से नए रिकॉर्ड कायम कर रही है।
‘महावतार नरसिम्हा’ की डायरेक्शन और बढ़ती लोकप्रियताअश्विन कुमार के निर्देशन में बनी यह फिल्म 25 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई थी। यह एक एनिमेटेड पौराणिक कथा पर आधारित फिल्म है, जिसने दर्शकों के बीच विशेष स्थान बना लिया है। खासतौर पर युवाओं और बच्चों में इसका खासा क्रेज देखा जा रहा है। फिल्म की बढ़ती लोकप्रियता का आलम यह है कि नए हफ्ते में रिलीज होने वाली फिल्मों को यह कड़ी टक्कर देने के लिए तैयार है। टिकट खिड़कियों पर इसका जादू ऐसा है कि लोग दूसरी फिल्मों की जगह ‘महावतार नरसिम्हा’ की ही बुकिंग करवा रहे हैं।
सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने छठे दिन 7.50 करोड़ रुपये का बिज़नेस किया है, जिससे इसकी कुल कमाई अब 37.05 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। यह प्रदर्शन खास इसलिए है क्योंकि आमतौर पर हफ्ते के मध्य में फिल्में धीमी पड़ जाती हैं, लेकिन ‘महावतार नरसिम्हा’ के साथ ऐसा कुछ नहीं हुआ।
अब तक के कलेक्शन पर एक नज़र:
पहले दिन: ₹1.75 करोड़
दूसरे दिन: ₹4.6 करोड़
तीसरे दिन: ₹9.5 करोड़
चौथे दिन: ₹6 करोड़
पांचवें दिन: ₹7.7 करोड़
छठे दिन: ₹7.50 करोड़
इन आंकड़ों से साफ है कि वीकेंड आते-आते फिल्म की कमाई और भी तेज़ी से बढ़ सकती है। खासकर शनिवार और रविवार को टिकट विंडो पर भीड़ बढ़ने की पूरी संभावना है।