इस सुपरहिट गाने पर थिरकीं माधुरी-उर्मिला, देखें Video, पति को याद कर सोनम ने शेयर की ये Photo

नब्बे के दशक में अपनी एक्टिंग और खूबसूरती के जलवे बिखेरने वाली माधुरी दीक्षित की एक झलक पाने के लिए लोग आज भी बेकरार रहते हैं। माधुरी ने एक से बढ़कर एक सुपरहिट फिल्मों में काम किया। माधुरी इन दिनों कलर्स टीवी पर डांस दीवाने सीजन 3 में जज की भूमिका निभा रही हैं। माधुरी ने शो के सेट पर म्यूजिकल ब्लॉकबस्टर साजन के 30 साल पूरे होने का जश्न मनाया। उन्होंने एक रील पोस्ट की, जिसमें वे अल्का याज्ञनिक की खनकती आवाज से सजे साजन के लोकप्रिय गाने 'तू शायर है' पर परफॉर्म करती नजर आईं। इस दौरान उनके साथ नब्बे के दशक की ही एक और बेहतरीन अदाकारा उर्मिला मातोंडकर थीं। कुछ समय से लाइमलाइट से दूर रहीं उर्मिला एक स्पेशल एपिसोड के लिए डांस दीवाने 3 में नजर आएंगी।

माधुरी ने उर्मिला के साथ मनाया ‘साजन’ के 30 साल पूरे होने का जश्न

माधुरी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो शेयर करते हुए उर्मिला का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने लिखा कि मेरे साथ साजन के 30 साल का जश्न मनाने के लिए उर्मिला का धन्यवाद। वीडियो में माधुरी गुलाबी इंडियन ड्रेस पहनी हुई नजर आईं, जबकि उर्मिला नीला जंपसूट पहने हुए दिखाई दे रही हैं। दिलचस्प बात यह है कि यह पहली बार है जब माधुरी और उर्मिला एक साथ नजर आ रही हैं। दोनों ने किसी फिल्म में साथ काम नहीं किया। आपको बता दें कि 1991 में रिलीज हुई साजन में माधुरी, सलमान खान और संजय दत्त का लव ट्राएंगल था। इसमें नदीम-श्रवण ने संगीत दिया था।

एक-दूसरे की बाहों में दिखे सोनम-आनंद

एक्ट्रेस सोनम कपूर अक्सर किसी न किसी वजह से खबरों में रहती हैं। बी टाउन में सोनम और आनंद आहूजा को परफेक्ट कपल माना जाता है। इन दिनों सोनम पति की यादों में खोई हुई नजर आ रही हैं। सोनम बहन रिया की शादी में मुंबई आई थीं मगर अब उनके पति वापस लंदन लौट गए हैं। सोनम ने इंस्टाग्राम पर पति के साथ एक रोमांटिक तस्वीर शेयर करते हुए अपने एहसास बयां किए हैं। इसमें दोनों एक-दूसरे की बाहों में नजर आ रहे हैं। सोनम ने लिखा कि मैं आपको बहुत याद करती हूं, आपको देखने के लिए इंतजार नहीं कर सकती। सोनम की इस पोस्ट पर आनंद ने कमेंट करते हुए लिखा कि क्यूट, आप आग लग रही हैं सोनम कपूर और मैं ऐसा लग रहा हूं, जैसे पता नहीं मैं क्या कर रहा हूं।