'मालिक' ने पांचवें दिन भी किया अच्छा प्रदर्शन, 'इमरजेंसी' और 'फतेह' को पछाड़ा, जानें कुल कमाई

राजकुमार राव अपनी लेटेस्ट रिलीज़ ‘मालिक’ के साथ बॉक्स ऑफिस पर अपनी पिछली सुपरहिट फिल्मों जैसा जादू बिखेरने में इस बार थोड़े पीछे रह गए हैं। जबकि इससे पहले आई उनकी फिल्म 'भूल चूक माफ़' दर्शकों के दिलों में अपनी जगह बना चुकी थी और बॉक्स ऑफिस पर भी उम्मीदों से कहीं ज्यादा कमाई की थी। लेकिन इस बार गैंगस्टर थीम पर आधारित फिल्म ‘मालिक’ को दर्शकों से वैसा प्यार नहीं मिल पाया है जैसा शायद मेकर्स ने सोचा था। हालांकि, शुरुआत थोड़ी धीमी ज़रूर रही, लेकिन ओपनिंग वीकेंड पर फिल्म ने रफ्तार पकड़ने की कोशिश की। मगर अब वीकडेज में फिल्म की पकड़ कमजोर होती नजर आ रही है। तो चलिए, जानते हैं कि ‘मालिक’ ने अपने रिलीज़ के पांचवे दिन यानी मंगलवार को कितना कलेक्शन किया है और क्या यह फिल्म अपने दम पर कुछ बड़े रिकॉर्ड्स को तोड़ने में सफल हो रही है?

राजकुमार राव की ‘मालिक’ को क्रिटिक्स से मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला था। लेकिन ओपनिंग वीकेंड में इस हिंदी एक्शन थ्रिलर ने उम्मीद से अच्छा प्रदर्शन किया। जहां पहले दिन इसने 4.02 करोड़ की कमाई की, वहीं शनिवार को थोड़ा उछाल आया और आंकड़ा 5.45 करोड़ तक पहुंच गया। रविवार को फिल्म ने थोड़ा और ग्रो किया और 5.55 करोड़ का बिज़नेस किया। इस तरह शुरुआती तीन दिनों में इसने कुल 15.02 करोड़ का आंकड़ा छू लिया।
लेकिन जैसे ही सोमवार आया, फिल्म की रफ्तार धीमी हो गई। पहले सोमवार को इसके कलेक्शन में 66.67% की गिरावट देखने को मिली और फिल्म सिर्फ 1.75 करोड़ ही जुटा सकी।

वहीं अगर बात करें मंगलवार यानी रिलीज़ के पांचवे दिन की, तो सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के अनुसार, राजकुमार राव स्टारर इस फिल्म ने 1.81 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है।

5 दिनों का कुल कलेक्शन

अब बात करें टोटल कलेक्शन की, तो फिल्म ‘मालिक’ ने पांच दिनों में कुल मिलाकर 17.81 करोड़ रुपये का बिजनेस कर लिया है, जो इसकी धीमी शुरुआत के बावजूद एक संतोषजनक आंकड़ा माना जा सकता है।

‘मालिक’ ने ‘फतेह’ और ‘इमरजेंसी’ को दी मात

हालांकि ‘मालिक’ भले ही बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार प्रदर्शन नहीं कर रही हो, लेकिन फिर भी यह कई फिल्मों से आगे निकल गई है। पांचवें दिन के अंत तक इसने 17 करोड़ से अधिक की कमाई कर ली है, जो कि कंगना रनौत की चर्चित फिल्म ‘इमरजेंसी’ के 16.49 करोड़ और सोनू सूद की ‘फतेह’ के 16.25 करोड़ के लाइफटाइम कलेक्शन से ज्यादा है। यानी, उम्मीद के विपरीत इसने कुछ बड़े नामों को पीछे छोड़ दिया है।

अब इसका अगला लक्ष्य है — जॉन अब्राहम की फिल्म ‘द डिप्लोमैट’, जिसने बॉक्स ऑफिस पर 19.45 करोड़ का कलेक्शन किया था। अगर ‘मालिक’ की यही गति बनी रही, तो आने वाले एक-दो दिनों में ये आंकड़ा भी पार हो सकता है।

‘मालिक’ की स्टार कास्ट और मेकर्स


फिल्म ‘मालिक’ का निर्देशन किया है पुलकित ने, और इसकी कहानी भी उन्होंने ज्योत्सना नाथ के साथ मिलकर लिखी है। फिल्म में प्रोसेनजीत चटर्जी, मानुषी छिल्लर और सौरभ शुक्ला ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। इसके निर्माता हैं कुमार तौरानी (टिप्स इंडस्ट्रीज) और जय शेवक्रमणी (नॉर्दर्न लाइट्स फिल्म्स)।