'लॉक अप: सच या सजा 2' में कंगना रनौत की होगी खास एंट्री, पहले एलिमिनेशन में बढ़ेगा रोमांच; 5 कंटेस्टेंट्स पर लटकी बाहर होने की तलवार

नेटफ्लिक्स का चर्चित रियलिटी शो 'लॉक अप: सच या सजा' इन दिनों दर्शकों के बीच लगातार सुर्खियां बटोर रहा है। शो के अब तक चार एपिसोड प्रसारित हो चुके हैं और प्रतियोगियों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा ने दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ा दी है। फराह खान और रितेश देशमुख की मेजबानी वाला दूसरा सीजन सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा में है। कंटेस्टेंट्स के निजी खुलासे, तीखे टकराव और चुनौतीपूर्ण टास्क लगातार दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। अब शो के निर्माता पहले एलिमिनेशन एपिसोड को और भी खास बनाने की तैयारी में हैं, क्योंकि इस वीकेंड कंगना रनौत शो में विशेष अतिथि के रूप में दिखाई देंगी। वह पहले एविक्शन एपिसोड में 'जनता की आवाज' बनकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगी।

पहले एविक्शन एपिसोड में दिखेंगी कंगना रनौत

शो में अपनी वापसी को लेकर कंगना रनौत की टीम ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि 'लॉक अप' हमेशा से उन लोगों का मंच रहा है, जो अपनी सच्चाई का सामना करने का साहस रखते हैं, चाहे वह कितनी भी असहज क्यों न हो। टीम की ओर से जारी बयान में कहा गया कि इस सप्ताहांत पहले एलिमिनेशन एपिसोड में कंगना फराह खान और रितेश देशमुख के साथ जूरी सदस्य यानी 'जनता की आवाज' की भूमिका निभाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस मंच पर हर फैसले और हर चुनाव की अपनी एक कीमत होती है, जिसे अंततः सभी प्रतिभागियों को चुकाना पड़ता है।
पहले एलिमिनेशन से पहले इन पांच कंटेस्टेंट्स पर मंडरा रहा खतरा

शो के शुरुआती एपिसोड्स के बाद ही मुकाबला काफी दिलचस्प हो चुका है। इस सप्ताह हुए नॉमिनेशन में पांच प्रतियोगियों पर एलिमिनेशन का खतरा मंडरा रहा है। डेंजर जोन में पहुंचने वाले कंटेस्टेंट्स में श्रेया कालरा, श्रेष्ठा अय्यर, सूफी मोतीवाला, रियाज अली और माधुरी ग्रोवर शामिल हैं। अब इन पांचों में से किसी एक का सफर पहले ही एविक्शन में समाप्त हो जाएगा। ऐसे में दर्शकों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आखिर शो का पहला एलिमिनेट होने वाला कंटेस्टेंट कौन होगा।

आखिर इस बार होस्ट की भूमिका में क्यों नहीं हैं कंगना?

'लॉक अप: सच या सजा' के दूसरे सीजन की लॉन्चिंग के दौरान निर्माता एकता कपूर ने स्पष्ट किया था कि कंगना रनौत इस बार पूर्णकालिक होस्ट के रूप में शो का हिस्सा क्यों नहीं हैं। उनके मुताबिक, दूसरे सीजन में शो के फॉर्मेट, प्रस्तुति और पूरे कॉन्सेप्ट में बड़े बदलाव किए गए हैं। मेकर्स ने जानबूझकर पहले सीजन के जेलर-होस्ट मॉडल से अलग राह अपनाई है, ताकि फ्रेंचाइजी को एक नया अंदाज और नई पहचान मिल सके।

हालांकि कंगना इस बार नियमित होस्ट नहीं हैं, लेकिन पहले एलिमिनेशन एपिसोड में उनकी विशेष उपस्थिति को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह है। माना जा रहा है कि 'जनता की आवाज' के रूप में उनकी एंट्री वीकेंड एपिसोड का सबसे बड़ा आकर्षण साबित होगी और पहले एविक्शन के दौरान उनके सवाल, टिप्पणियां और फैसले शो में नया रोमांच जोड़ेंगे।