Legacy का First Look जारी: आर. माधवन की दमदार वापसी, पावर, परिवार और वर्चस्व की कहानी

नेटफ्लिक्स ने अपनी बहुप्रतीक्षित तमिल क्राइम ड्रामा सीरीज़ 'Legacy' का फर्स्ट लुक जारी कर दिया है, जिसमें आर. माधवन एक दमदार किरदार में नजर आ रहे हैं। इस सीरीज़ में उनके साथ निमिषा सजयन, गौतम कार्तिक, गुलशन देवैया और अभिषेक बनर्जी जैसे शानदार कलाकार शामिल हैं। 'Legacy' का निर्देशन चारुकेश शेखर ने किया है और यह स्टोन बेंच प्रोडक्शन द्वारा निर्मित है।

राज, परिवार और जंग – 'Legacy' की कहानी


Legacy एक ऐसे अपराध साम्राज्य की कहानी है, जिसके बुजुर्ग मुखिया पेरियावर अब अपनी विरासत को सही हाथों में सौंपने की जद्दोजहद में लगे हैं। जैसे-जैसे उम्र और दुश्मनों का दबाव बढ़ता है, वह अपने उत्तराधिकारी की तलाश में हैं। इस सीरीज़ में दिखाया गया है कि कैसे सत्ता की भूख, पारिवारिक संबंधों की जटिलता और वफादारियों की टूटन किसी भी ताकतवर खानदान को बिखेर सकती है।

नेटफ्लिक्स ने इस सीरीज़ के पोस्टर्स के साथ एक दिलचस्प लाइन साझा की: “सम्राज्य जब जलने लगे, तब खेल खेलने की हिम्मत कौन करेगा?” (“Samraajiyame pattri yeriginra podhu, Kreedathai aniya thunivadhu yaar..”)

आर. माधवन का कमबैक – एक नए अंदाज में

इस सीरीज़ में मुख्य भूमिका निभा रहे आर. माधवन ने कहा, कभी-कभी कोई कहानी आपके दिल को छू जाती है और फिर आप उसे पूरी शिद्दत से निभाते हैं। 'Legacy' में वही एहसास हुआ। इसमें कई सारे ट्विस्ट्स हैं, और ये बिल्कुल अलग है बाकी इंडियन ओटीटी कंटेंट से।

निमिषा सजयन की तमिल सीरीज़ में पहली एंट्री

द ग्रेट इंडियन किचन और चूड़ियां जैसी फिल्मों में दमदार परफॉर्मेंस दे चुकीं निमिषा सजयन इस शो से तमिल सीरीज़ में डेब्यू कर रही हैं। उन्होंने कहा, यह मेरा दूसरा प्रोजेक्ट है स्टोन बेंच के साथ, और यह अनुभव मेरे दिल के बेहद करीब है। इस सीरीज़ की कहानी जितनी ग्रिपिंग है, उतना ही इमोशनल भी।

निर्देशक का विज़न – पर्दे से मोबाइल तक सिनेमा का अनुभव


निर्देशक चारुकेश शेखर के मुताबिक, “Legacy मेरे लिए बहुत निजी प्रोजेक्ट है। इसमें मैंने सत्ता और परिवार के बीच चल रहे संघर्ष को एक गहरी मानव कहानी के रूप में दिखाने की कोशिश की है। हम इसे एक फिल्म जैसा अनुभव देना चाहते हैं, लेकिन आपके मोबाइल स्क्रीन पर।”

नेटफ्लिक्स का अगला मास्टरस्ट्रोक?

Legacy के फर्स्ट लुक के साथ ही फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। पोस्टर्स और थीम से साफ है कि यह सीरीज़ गहराई, हिंसा और इमोशंस से भरपूर एक मल्टी लेयर क्राइम ड्रामा होने वाला है।

कहानी, एक्टिंग और ट्रीटमेंट – तीनों ही स्तर पर Legacy नेटफ्लिक्स के तमिल कंटेंट की लिस्ट में नया बेंचमार्क सेट करने जा रही है। अब इंतजार है इसके ट्रेलर और रिलीज डेट की घोषणा का।

Legacy सिर्फ एक सीरीज़ नहीं, बल्कि सत्ता, संघर्ष और परिवार की कीमत पर वर्चस्व की लड़ाई की काली किताब है। और इसके मुख्य पन्नों पर है – आर. माधवन का जबरदस्त अभिनय।