एकता कपूर का सुपरहिट और आइकोनिक सीरियल 'क्योंकि सास भी कभी बहु थी' एक बार फिर हर तरफ चर्चा में है। मेकर्स इसके दूसरे सीज़न के साथ टीवी पर जबरदस्त वापसी करने जा रहे हैं। दर्शक फिर से परदे पर तुलसी और मिहिर विरानी की जोड़ी को नए और मॉडर्न अंदाज में देखने के लिए काफी उत्साहित हैं। खास बात यह है कि लंबे समय बाद स्मृति ईरानी इस शो के ज़रिए टीवी पर कमबैक कर रही हैं, जिसे लेकर उनके फैंस में काफी एक्साइटमेंट है।
हाल ही में मेकर्स ने शो के सेट से एक BTS वीडियो शेयर किया है, जिसमें कलाकारों की दिलचस्प बातचीत और तैयारियों की झलक देखने को मिली। वीडियो में शक्ति आनंद सबसे पूछते दिखाई देते हैं कि आखिर करना क्या है, वहीं हितेन तेजवानी और गौरी प्रधान भी यही सवाल पूछते दिखते हैं, जिससे सेट पर हलचल और हंसी-मजाक का माहौल बन गया। वीडियो में सभी कलाकार 25 साल बाद दोबारा एक साथ आने की खुशी और भावनाएं ज़ाहिर करते नजर आए। स्मृति ईरानी भी अपने पुराने साथियों संग मस्ती करती नजर आईं।
केतकी दवे वीडियो में मजेदार अंदाज में कहती हैं कि सालों बाद मिहिर और तुलसी के बीच क्या होने वाला है, जानने के लिए दर्शकों को शो देखना होगा।
‘क्योंकि सास भी कभी बहु थी 2’ का यह वीडियो सामने आने के बाद फैंस शो के पहले एपिसोड का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। शो का पहला एपिसोड 29 जुलाई को रात 10:30 बजे रिलीज किया जाएगा। एक बार फिर विरानी परिवार की नोक-झोंक, रिश्तों की गर्माहट और सास-बहू के अनोखे रिश्ते दर्शकों को देखने को मिलेंगे। कहा जा रहा है कि एकता कपूर ने इस बार हर एक एलिमेंट पर बारीकी से ध्यान दिया है और चाहती हैं कि यह सीज़न लोगों की पुरानी यादों को फिर से ताजा कर दे।