2 News : सोनाक्षी की शादी में मौजूद थे कुश, लव के सवाल पर बोले ऐसा, ‘निकिता रॉय’ की स्क्रीनिंग में जमा हुए सितारे

एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा ने पिछले साल 23 जून को एक्टर जहीर इकबाल के साथ शादी रचाई थी। तब खबरें चल रही थीं कि सोनाक्षी का परिवार शादी से खुश नहीं है और उन्होंने विरोध जताया था। हालांकि सोनाक्षी के पिता शत्रुघ्न सिन्हा और मां पूनम सिन्हा ने शादी में पूरे उत्साह के साथ शरीक होकर साफ कर दिया था कि उन्हें इंटरफेथ मैरिज से कोई आपत्ति नहीं है। हालांकि शादी की तस्वीरों में सोनाक्षी के दोनों भाई लव और कुश नजर नहीं आए थे। अब कुश सिन्हा ने बताया है कि वो शादी में मौजूद थे। कुश ने जूम के साथ बातचीत में कहा कि मैं बहुत सिंपल लाइफ जीता हूं।

अगर मुझे मेरा सच पता है, तो लोग मेरे बारे में हजार अलग चीजें बोल सकते हैं। मुझे फर्क नहीं पड़ता है। मुझे पता है लोग कह रहे थे, कुछ बेतरतीब बातें चल रही थीं। और मैं ऐसा था कि ठीक है अगर कोई इस मुद्दे को उठाना चाहता है तो ये उनका एजेंडा है। मेरा इससे कोई लेना-देना नहीं है। क्योंकि मैं तस्वीरों में नहीं था तो इसका मतलब ये नहीं है कि मैं शादी में नहीं था। हर बार मुझे हर चीज को लोगों को दिखाने की जरूरत नहीं है।

कुश से जब लव के शादी में न होने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वो अपने भाई की ओर से कुछ भी नहीं कहना चाहेंगे। मुझे लगता है कि हर किसी को अपने स्टंट करने की इजाजत है। जब तक वो इसे ईमानदारी से कर रहे हैं, ठीक है। कुश से जब पूछा गया कि जहीर के साथ उनका रिश्ता कैसा है तो उन्होंने कहा कि हम ठीक हैं। मेरे मन में उनके खिलाफ कुछ भी नहीं है।
सोनाक्षी सिन्हा की फिल्म ‘निकिता रॉय’ के डायरेक्टर हैं कुश सिन्हा

सोनाक्षी की नई हॉरर मिस्ट्री फिल्म 'निकिता रॉय' शुक्रवार (18 जुलाई) को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इस फिल्म के साथ सोनाक्षी के भाई कुश सिन्हा डायरेक्टर के रूप में डेब्यू कर रहे हैं। फिल्म में सोनाक्षी के साथ परेश रावल, अर्जुन रामपाल और सुहैल नैयर जैसे कलाकार हैं। बुधवार (16 जुलाई) रात मुंबई में फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग रखी गई, जिसमें फिल्म की स्टार कास्ट के साथ-साथ कई और सितारों ने शिरकत की, जिनकी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

इसमें सोनाक्षी के मम्मी-पापा भी पहुंचे। साथ ही लव और कुश भी मौजूद थे। हालांकि सोनाक्षी और जहीर इकबाल स्क्रीनिंग में नजर नहीं आए। सिन्हा परिवार की फोटो में शत्रुघ्न, पूनम, लव, कुश और उनकी पत्नी नजर आ रहे थे। स्क्रीनिंग के दौरान सुहैल ने कुश के साथ पैपराजी को ढेर सारे पोज दिए। सुहैल व्हाइट टी-शर्ट के साथ ब्लैक ब्लेजर और पैंट कैरी किए नजर आए। कई वेब सीरीज में अपने दमदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीतने वाले गुलशन देवैया भी पहुंचे। एक्टर ब्लैक आउटफिट में थे। एक्टर-प्रोड्यूसर जैकी भगनानी ने भी पैप्स को खूब पोज दिए। गुजरे जमाने के सुपरस्टार जितेंद्र ने अपने स्टाइल से हर किसी का ध्यान खींचा।

वे ब्लैक कलर के गेटअप में काफी हैंडसम लग रहे थे। ‘अकीरा’ में सोनाक्षी के साथ काम कर चुके अमित साध भी थे। इसके अलावा रजा मुराद, शोएब इब्राहिम, राजीव ठाकुर, साशा आगा, रमेश तौरानी सहित कई दिग्गजों ने शिरकत की। बता दें 'निकिता रॉय' की कहानी एक मिस्टीरियस महिला के ईद-गिर्द घूमती है, जो अपने अतीत के साए से जूझ रही हैं। वो एक राइटर और इन्वेस्टिगेटर है। पहले ये फिल्म 27 जून को रिलीज होने वाली थी।