'घर तोड़ने वाली महिला' कहकर ट्रोल हुईं कुनिका सदानंद, एक्ट्रेस ने भी दिया करारा जवाब

अभिनेत्री कुनिका सदानंद अपनी बेबाक राय और सामाजिक मुद्दों पर खुलकर बोलने के लिए अक्सर चर्चा में रहती हैं। चाहे बात उनकी निजी जिंदगी की हो या किसी समसामयिक विषय की, वह अपने विचार बिना झिझक सोशल मीडिया पर साझा करती हैं। इस बार भी उन्होंने पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में एक पोस्ट साझा की, लेकिन इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर जबरदस्त ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। कई यूजर्स ने उनकी पोस्ट पर टिप्पणी करने के बजाय उनकी निजी जिंदगी को निशाना बनाया। हालांकि, कुनिका ने भी चुप्पी साधने के बजाय ट्रोल्स को उसी अंदाज में जवाब दिया।

सोनम वांगचुक के समर्थन में किया था पोस्ट

दो दिन पहले 'बिग बॉस 19' में नजर आ चुकीं कुनिका सदानंद ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया था। यह पोस्ट दिल्ली के जंतर-मंतर पर 28 जून से भूख हड़ताल पर बैठे पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर थी। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा था, जब सरकार सुनना बंद कर दे, तब सवाल पूछना और भी जरूरी हो जाता है। सवाल सिर्फ सोनम वांगचुक सर का नहीं, बल्कि हमारे लोकतंत्र और हर उस आवाज का है जो सच और अपने अधिकारों के लिए उठती है। अगर सच बोलने वाले ही खामोश हो जाएं, तो देश को बदलेगा कौन? अपनी राय कमेंट में जरूर बताएं।

गौरतलब है कि सोनम वांगचुक के समर्थन में इससे पहले अभय देओल, शबाना आजमी और नसीरुद्दीन शाह समेत कई फिल्मी हस्तियां भी अपनी चिंता और समर्थन सार्वजनिक रूप से जाहिर कर चुकी हैं।

पोस्ट के बाद ट्रोल्स ने साधा निशाना

कुनिका की यह पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने मुद्दे पर चर्चा करने के बजाय उनके अतीत को खंगालना शुरू कर दिया और सिंगर कुमार सानू के साथ उनके कथित पुराने रिश्ते का जिक्र करते हुए उन्हें घर तोड़ने वाली महिला तक कह दिया।

इस टिप्पणी पर कुनिका ने बिना देर किए जवाब दिया। उन्होंने लिखा, अरे भाई, देश में मुझसे और मेरी जिंदगी से कहीं बड़े मुद्दे चल रहे हैं और तुम अब भी मेरी खूबसूरती और मेरी जिंदगी के पीछे पड़े हो। चलो... आगे बढ़ो, छुट्टे नहीं हैं भाई। उनके इस जवाब की सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा हो रही है।
दूसरे ट्रोल को भी सुनाई खरी-खरी

एक अन्य यूजर ने कुनिका को सस्ती फ्लॉप बॉलीवुड एक्ट्रेस कहकर निशाना बनाया। कमेंट में लिखा गया, अब सस्ते फ्लॉप बॉलीवुड टाइप भी मैदान में आ गए हैं। इस पर भी अभिनेत्री ने तीखा पलटवार किया।

कुनिका ने जवाब देते हुए लिखा, ठीक है, मैं फ्लॉप एक्टर ही सही। लेकिन पहले आप बताइए कि आप क्या हैं? बिना जमीर और ईमान का चलता-फिरता लाश? कम से कम मेरी अंतरात्मा आज भी जिंदा है और मैं अपनी आवाज उठाने की हिम्मत रखती हूं। आप क्या करते हैं? सिर्फ दो रुपये के लिए ट्रोलिंग? उनका यह जवाब भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

फिल्मों और टीवी का जाना-पहचाना चेहरा हैं कुनिका

वर्क फ्रंट की बात करें तो कुनिका सदानंद हाल ही में सलमान खान द्वारा होस्ट किए गए कलर्स टीवी के रियलिटी शो 'बिग बॉस 19' में नजर आई थीं। इसके अलावा वह लंबे समय से फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री का हिस्सा रही हैं। उन्होंने अपने करियर में अक्षय कुमार, शाहरुख खान समेत कई बड़े सितारों के साथ काम किया है।

कुनिका 'किंग अंकल', 'खिलाड़ी', 'हम साथ-साथ हैं', 'प्यार किया तो डरना क्या' और 'पेज 3' जैसी फिल्मों में अभिनय कर चुकी हैं। वहीं टेलीविजन पर भी उन्होंने 'दिल्ली वाली ठाकुर गर्ल्स' और 'प्यार का दर्द है मीठा-मीठा प्यारा-प्यारा' जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में अपनी पहचान बनाई है।